उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कई वाहन फंसे
देहरादून। आखिरकार सूखा खत्म हुआ। मंगलवार को उत्तराखंड की ऊंची पहाड़ियों पर जमकर बर्फबारी हुई। पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गईं। उधर मैदानी इलाकों में भी देर दोपहर से रुक-रुककर कभी तेज बारिश होती रही। जिससे मौसम में बदलाव आ गया। तापमान में तेजी से गिरावट’आई।
कई इलाकों में वाहन बर्फ में फंस गए। देहरादून में जिला प्रशासन ने अगले चौबीस घंटे में तेज बारिश और ओला वृष्टि की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 24 जनवरी के लिए 12वीं क्लास तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
मौसम की बदली करवट के बीच चकराता में मौसम का पहला हिमपात हुआ। लोखंडी समेत आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ ढक गईं। पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में है। घाटियों में बसे कई गांवों में भी बर्फबारी की सूचना है। चकराता का तापमान शून्य से नीचे माइनस पर जा पहुंचा।
चकराता का न्यूनतम तापमान -01 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बारिश और बर्फबारी वाले इलाकों में घरों और दुकानों में हीटर और अलाव जल उठे। शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। मैदानी इलाकों में भी शाम तीन बजे के बाद से बारिश का दौर जारी है।