April 24, 2024

मोदी भारतीय राजनीति में आज भी सबसे लोकप्रिय नेता

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी के विरोधियो के लिए बुरी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति में आज भी सबसे लोकप्रिय नेता है। ये दावा किया है एक अमेरिकी थिंक टैंक की सर्वे एजेंसी प्यू ने। पीएम नरेंद्र मोदी को देश की सत्ता संभाले तीन साल से अधिक का वक्त हो चुका है, लेकिन अब भी उन पर लोगों का भरोसा कायम है। यही नहीं देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी लोग संतुष्ट दिखते हैं। उनके प्रति जनता के भरोसे में बहुत गिरावट नहीं आई है। तकरीबन 10 में से 9 भारतीयों ने नरेंद्र मोदी के प्रति सकारात्मक राय रखी है, जबकि 2015 में यह आंकड़ा 10 में से 7 का था।

सर्वे के मुताबिक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मुकाबले पीएम मोदी 30 प्वाइंट आगे हैं. राहुल गांधी 58 फीसदी लोगों की पसंद है। वहीं पीएम मोदी को 88 फीसदी लोगों ने सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में चुना है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 57 फीसदी लोगों की पसंद हैं, सीएम अरविंद केजरीवाल 39 फीसदी के साथ चौथे सबसे लोकप्रिय नेता हैं।

21 फरवरी से 10 मार्च, 2017 के दौरान प्यू रिसर्च सेंटर सर्वे की ओर से 2,464 लोगों पर कराए गए सर्वे में यह आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे के अनुसार मोदी की लोकप्रियता किसी क्षेत्र विशेष में नहीं बल्कि पूरे भारत में है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे दक्षिणी राज्यों में 10 में से 9 लोगों ने मोदी पर भरोसा जताया है। वहीं, पश्चिम राज्य गुजरात, महाराष्ट्र के अलावा छत्तीसगढ़ के लोग भी उनके प्रति सकारात्मक राय रखते हैं।

इसके अलावा पूर्वी भारत कहे जाने वाले बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के भी 10 में से 8 लोगों ने मोदी के पक्ष में अपनी राय दी है। 2015 के बाद से उत्तर भारत में मोदी की लोकप्रियता पर किसी तरह का असर नहीं पड़ा है, जबकि दक्षिण और पश्चिमी भारत में उनकी लोकप्रियता में इजाफा ही हुआ है। हालांकि पूर्वी भारत में मामूली गिरावट देखने को मिली है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com