April 24, 2024

सीएम त्रिवेंद्र के गढ़ में भाजपा को लगा करारा झटका, एक-एक वोट के लिए संघर्ष करते रहे प्रत्याशी

मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र नगर पालिका डोईवाला में भाजपा के तीन दिग्गज अपने प्रत्याशी को जिताने में कामयाब नहीं हो सके। बेहद करीबी मुकाबले में अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण सीट कांग्रेस की झोली में चली गई। कांग्रेस की सुमित्रा मनवाल ने अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा की नगीना रानी को 196 वोटों से हरा दिया।

यही नहीं सभासद सीटों पर भी भाजपा का सिक्का नहीं चल सका। 20 वार्डों में से भाजपा के सात सभासद ही जीत हासिल कर सके। भाजपा उम्मीदवार की ओर से पुनर्मतगणना भी कराए जाने के बाद अंतर जस का तस बना रहा। डोईवाला में निर्दलीय उम्मीदवारों का भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।       

 मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्वाचन क्षेत्र के नगर पालिका डोईवाला में कमल मुरझा गया। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू की गई। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए थे, जिसमें चार चक्र मतगणना चली। पहले सदस्य और बाद में अध्यक्ष पदों की गिनती हुई।  कांटे की टक्कर में नगर पालिका डोईवाला अध्यक्ष पद कांग्रेस की सुमित्रा मनवाल काबिज हो गई है। कांग्रेस की सुमित्रा मनवाल को 8468 मत मिले जबकि भाजपा की नगीना रानी को 8272 मतों से संतोष करना पड़ा। चार राउंड की मतगणना बेहद उतार चढ़ाव भरी रही। 

शुरूआती दौर में कभी कांग्रेस और भाजपा आगे पीछे चली। बीच में निर्दलीय उम्मीदवार मधु डोभाल की बढ़त से दोनों राष्ट्रीय दल पिछड़ गए थे। अंतिम चरण में कांग्रेस ने एकाएक लीड बनाकर चुनाव जीत लिया। भाजपा उम्मीदवार नगीना रानी की ओर से पुनर्मगणना कराने का प्रार्थना दिया गया, जिससे निर्वाचन अधिकारी कुश्म चौहान ने बूथ संख्या 41, 43, 44 और 47 में पुनर्मतगणना हुई। लेकिन अंतर नहीं आने पर निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस की सुमित्रा मनवाल को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया।  

    नाम                    दल         मत मिले 

सुमित्रा मनवाल        कांग्रेस       8478 
नगीना रानी             भाजपा        8272 
श्याम सिंह              यूकेडी          114 
मधु डोभाल             निर्दलीय       6159 
शिल्पा नेगी             निर्दलीय       5706 
फुरकान अहमद     निर्दलीय        1011 
प्रीतम सिंह              निर्दलीय        207 
विमल                     निर्दलीय         168 
संजय प्रजापित        निर्दलीय        678 
नोटा                                            233 
निरस्त                                       1667


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com