April 26, 2024

गंगा के मायके में बोले अमित शाह, आपके आशीर्वाद से देश में कमल खिलेगा

उत्तरकाशीः भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव अभियान को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उत्तरकाशी पहुंचे। उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने एक ओर कांग्रेस पर निशाना साधा तो दूसरी ओर गंगा और यमुना की दुहाई देते हुए प्रदेश की पांचों सीट पर कमल खिलाने का आहवान भी किया। इस दौरान अमित शाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यों की भी सराहना भी की और साथ ही भाजपा उम्मीदवार महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह की शालीनता की तारीफ कर उन्हें वोट करने की अपील की। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बदरी-केदार से लेकर गंगोत्री-यमनोत्री का जिक्र कर आम जनता को भाजपा के पक्ष में मतदान कर मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को तोड़ने की बात की जबकि भारतीय जनता पार्टी ने देश को एकसूत्र में पिरोने का काम किया।

अटल ने किया उत्तराखंड का सपना साकार

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि अगल राज्य निर्माण में भाजपा ने प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनाने में अगर किसी राजनीतिक दल ने काम किया तो वह भारतीय जनता पार्टी है। शाह ने राज्य आंदोलन के दौरान हुए रामपुर तिराह कांड को मानवता के लिए शर्मसार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर उत्तराखंड के सपने को अटल जी ने साकार कर उत्तराखंडवासियों को अलग राज्य की सौगात दी। वहीं इस दौरान अमित शाह ने विधानसभा में प्रचंड बहुमत के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद किया।

शाह ने की त्रिवेंद्र की तारीफ

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यों की तारीफ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज भी यह प्रदेश भ्रष्टाचार से जूझ रहा था। लेकिन भाजपा की सरकार आते ही यहां भ्रष्टाचार पर नकेल कस दी है। उन्होंने कहा कि एन.एच.घोटाला पर त्रिवेंद्र जी ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की। वहीं प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग एक उद्योग बन गया था जिस पर त्रिवेंद्र सरकार ने ताला लगा दिया है। लखवाड़ सिंचाई परियोजना में हुई प्रगति के लिए शाह ने त्रिवेंद्र सरकार की पीठ थपथपाई।

वीरों की भूमि है उत्तराखंड

उत्तरकाशी में जनता को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह प्रदेश वीरो की भूमि है। यहां के प्रत्येक परिवार से एक आदमी सेना में है। इस दौरान शाह ने कहा कि आपके आशीर्वाद से पिछली बार हमें प्रदेश की पांचों सीट मिली थी। जिसके चलते नरेंद्र मोदी सरकार ने 60 साल से ठंडे बस्ते में पड़े वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे को सुलझा दिया और सेना के जवानों को सम्मान दिया।

आल वेदर रोड़ प्रदेश की भाग्य रेखा

आल वेदर रोड़ का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए इस योजना को धरातल पर उतारा। उन्होंने कहा कि चार धाम को जोड़ने वाली यह सड़क प्रदेश की भाग्यरेखा साबित होगी। उन्होंने कहा कि जब देश भर के यात्री यहां आते थे तो उनके परिजनों को एक भय रहता था कि उनकी यात्रा सुरक्षित होगी भी यह नहीं। लेकिन मोदी जी ने इस रोड़ को बना कर लोगों के भय को दूर कर दिया है। इतना ही नहीं चार धाम को रेल लाइन से भी जोड़ने के लिए काम किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com