March 29, 2024

उत्तराखंड: आम दर्शनों के लिए खुले यमुनोत्री धाम के कपाट, हो गया चारधाम यात्रा का श्रीगणेश

यमुनोत्री धाम के कपाट आज अक्षय तृतीया के मौके पर विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
यमुनोत्री मंदिर के कपाट दोपहर सवा बारह बजे खोल दिए गए। इस दौरान धाम में हजारों की संख्या में भक्त मौजूद रहे। कपाट खुलने के दौरान यमुनोत्री धाम में विधायक केदार रावत भी मौजूद रहे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का श्री गणेश भी आज से हो गया।
वहीं गंगोत्री के कपाट दोपरह सवा एक बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इस दौरान गंगोत्री में विधायक गोपाल रावत मौजूद रहेंगे।

भैरोंघाटी से गंगोत्री के लिए रवाना हुई गंगाजी की डोली

इससे पहले मंगलवार को खरसाली में पंच पंडा समिति द्वारा रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। खरसाली स्थित मां यमुना के नवनिर्मित भवन में विशेष पूजा-अर्चना की गई।

मंदिर समिति के प्रवक्ता बागेश्वर उनियाल ने बताया कि यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुना जी की उत्सव मूर्ति को बुधवार सुबह सवा नौ बजे डोली यात्रा के साथ यमुनोत्री के लिए रवाना हुई। यमुना जी को विदा करने के लिए उनके भाई शनि महाराज की डोली भी साथ गई।

गंगाजी की डोली यात्रा बुधवार सुबह भैरोंघाटी से गंगोत्री के लिए रवाना हो गई। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि दोपहर सवा एक बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com