April 25, 2024

जल संरक्षण मुहिम से जुड़ेंगे द्रविड़

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ सोमवार को परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे। इस दौरान आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने उनसे जल संरक्षण के लिए चलाई जा रही मुहिम से जुड़ने का आग्रह किया, जिस पर द्रविड़ ने सहमति जता दी। इसके साथ ही देश में एकता और समरसता के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
सोमवार शाम राहुल द्रविड़ पत्नी डॉ. विजिता द्रविड़ और दो बेटों शान और अनुज के साथ स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम में पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर ऋषि कुमारों ने वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पुुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद द्रविड़ ने सांध्यकालीन गंगा आरती में शामिल होकर देश और परिवार की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद द्रविड़ परिवार संग स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से आश्रम में मिले। स्वामी चिदानंद ने उन्हें क्रिकेट के साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में भी सहयोग देने को प्रेरित किया और जल संरक्षण के लिए चलाई जा रही मुहिम से जुड़ने का आग्रह किया, जिस पर राहुल ने सहमति जता दी है।

सादगी से पहुंचे स्वर्गाश्रम 
राहुल द्रविड़ अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। उनकी यह सादगी सोमवार को तीर्थनगरी में भी देखी गई। वह स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ आश्रम सादे अंदाज में पहुंचे। उन्होंने टी-शर्ट और जींस पहनी थी। परिवार भी सादे कपड़ों में पहुंचा था। आश्रम से रवाना होते हुए उन्होंने मीडिया कर्मियों से कोई बात नहीं की। वे स्वर्गाश्रम से मुनिकीरेती स्थित श्री दर्शन महाविद्यालय तक पैदल ही निकले। इसके बाद वह बद्रीनाथ राजमार्ग स्थित अटाली गंगा रिसोर्ट के लिए रवाना हो गए। वहीं राहुल द्रविड़ के परमार्थ आश्रम पहुंचने के बाद उनके प्रशंसकों को जब इसकी भनक लगी तो वे आश्रम की ओर दौड़ पड़े। मगर उन्हें मायूस होना पड़ा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com