April 26, 2024

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुईं श्रीदेवी

श्रीदेवी का अंतिम संस्कार संपन्न हो गया है। पति बोनी कपूर ने श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस दौरान श्रीदेवी का पूरा परिवार श्मशान घाट पर मौजूद रहा। इससे पहले तिरंगे में लिपटे उनके शव को सफेद फूलों से सजे ट्रक में रख कर विले पार्ले के पवन हंस श्मशान में ले जाया गया।  इस ट्रक पर श्री देवी के पति बोनी कपूर के साथ अनिल कपूर उनकी बेटियां और परिवार के लोग हैं। बता दें कि अपने उम्दा अभिनय से बॉलीवुड में खास मुकाम हासिल करने वाली एक्ट्रेस श्रीदेवी का शनिवार (24 फरवरी) की रात कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। अपने आखिरी पलों में 54 वर्षीय श्रीदेवी दुबई में थी।

वह अपनी छोटी बेटी खुशी और पति बोनी कपूर के साथ एक शादी अटेंड करने के लिए दुबई पहुंची थीं। उनके निधन की पुष्टी बोनी कपूर के भाई संजय कपूर ने की। उन्होंने कहा, ‘हां, यह सच है कि श्रीदेवी का निधन हो गया। मैं अभी भारत आया हूं, मैं इससे पहले दुबई में ही था और अब फिर से वहां जा रहा हूं।’

लंबे इंतजार के बाद मंगलवार की रात श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया। एयरपोर्ट पर खुद अनिल कपूर परिवार के लोगों के साथ पहुंचे थे। एयरपोर्ट से एक्ट्रेस का शव लोखंडवाला के उनके घर ले जाया गया। बुधवार को सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए सितारों और करीबियोंं का तांता लगा रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com