April 25, 2024

दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के उत्तरी राज्यों में हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी

दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के उत्तरी राज्यों में हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी है, तो वहीं दक्षिण में चेन्नई हवाईअड्डे पर घने कोहरे की वजह से शुक्रवार को विमान सेवाएं प्रभावित हुईं।

आज दिल्ली एनसीआर में सुबह से घना कोहरा छाया है। आज दिल्ली में अधिकतक तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।वहीं कल दिल्ली के राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिये घरों से निकले लोगों को भीषण ठंड के साथ घने कोहरे का सामना करना पड़ा। कल यहां अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह से ही कई इलाकों में कोहरे कारण दृश्यता 50 मीटर तक देखी गई।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो इलाहाबाद में आंशिक रूप से बदली छाई रहने के साथ यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। यहां भी कई स्थानों पर धुंध छाई है। मौसम विभाग के मुताबिक कल पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर शीत लहर जैसे हालात रहे। प्रदेश में आगरा 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों और पहाड़ी दर्रों में भीषण ठंड प्रकोप जारी है। जहां पारा शून्य से 12 डिग्री से लेकर शून्य से 19 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इसके साथ ही केलांग, कालपा, मनाली और कुफरी में तापमान क्रमश: शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस, शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस, शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस और शन्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

कश्मीर में भी शीतलहर से लोगों को राहत नहीं मिलती दिख रही। घाटी के अधिकतर स्थानों पर पारा शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के करगिल में तापमान शून्य से 17.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। बीती रात के मुकाबले यहां तापमान में हालांकि तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि करगिल प्रदेश का सबसे सर्द स्थान रहा। लेह में पारा शून्य से 6.1 डिग्री सेल्यियस नीचे रहा। श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम था। हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। अधिकतर स्थानों पर पारा शून्य के करीब है जबकि मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही।

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का असर जारी है और प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर आज कोहरे की घनी चादर देखने को मिली। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि चंडीगढ़ में पारा 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीती रात के मुकाबले एक डिग्री ज्यादा है।

सिक्किम में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से लोग को शीतलहर से राहत नहीं मिली। पूर्वी जिले के नाथूला और चांगू तथा उत्तरी जिले लाचेन और लाचुंग में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई और समूचे सिक्किम में बर्फीली हवायें चल रहीं हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com