April 19, 2024

राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ा योगी का कद

गुजरात, हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत से गोरखपुर से पांच बार सांसद रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि और निखरी है। इससे राष्ट्रीय राजनीति में भी उनका कद बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने गुजरात के जिन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा या फिर रोड शो किया, उसमें से 25 से ज्यादा सीटें जीतने में भाजपा कामयाब रही है। हालांकि कुछ सीटों पर हार भी मिली है। हिमाचल प्रदेश में भी सीएम ने 20 जनसभाएं की थीं। वहां से भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात में ताबड़तोड़ 35 जनसभाएं कीं और अलग-अलग क्षेत्रों में रोड शो भी किया। इसके अलावा उन्होंने गुजरात गौरव यात्रा में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने ज्यादातर जनसभाओं में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने पूछा कि जो अब मंदिर-मंदिर जा रहे हैं, वह पहले क्या कहते थे? बोलते थे कि मंदिर में छेड़छाड़ होती है।

मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण पर भी कांग्रेस को घेरा, साथ ही विकास के गुजरात मॉडल को बेहतर बताते हुए वोट मांगा। हिमाचल, गुजरात चुनाव में जीत का हीरो भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बताया जा रहा है,लेकिन मुख्यमंत्री योगी की भूमिका भी कम नहीं है। इन चुनावों के नतीजों से मुख्यमंत्री का राजनीतिक कद बढ़ेगा। आने वाले विधानसभा चुनावों में भी वो भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे। खास करके पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार में भाजपा मुख्यमंत्री योगी को फ्रंट पर रखना चाहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com