April 26, 2024

Asian Games: जकार्ता में 524 सदस्यीय भारतीय दल लेगा 36 खेलों में हिस्सा

अगले महीने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में 524 सदस्यों का भारतीय दल हिस्सा लेगा। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। जकार्ता में 18 अगस्त से दो सितंबर तक होने वाले इन खेलों के लिए भारतीय दल में 277 पुरुष और 247 महिलाएं शामिल हैं। आईओए ने एथलेटिक्स से सबसे अधिक 52 प्रतिभागियों को जकार्ता भेजने की घोषणा की है। एशियाई खेलों में इस बार आठ और नए खेलों को शामिल किया गया है। बैडमिंटन में 20 और साइक्लिंग में 15 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जबकि कुश्ती में 18, निशानेबाजी में 28 और टेनिस से 12 खिलाड़ी हैं।

भारतीय दल में 277 पुरुष और 247 महिलाएं
इसके अलावा तीरंदाजी में 16, हॉकी में 36, बास्केटबाल में 12, हैंडबाल में 16, कबड्डी में 24, वुशू में 13, टाइवांडो में पांच, जूडो में छह कराटे में दो, मुक्केबाजी में 10, जिम्नास्टिक में 10, शतरंज में आठ, टेबल टेनिस में 10, भारोत्तोलन में पांच और गोल्फ में 10 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आईओए ने इससे पहले कहा था कि एशियाई खेलों के लिए इस बार कुल 2370 खिलाड़ियों की संभावित सूची तैयार की गई है। लेकिन अब उन्हीं 524 खिलाड़ियों को जकार्ता का टिकट देने का फैसला किया गया है जिनके अपने-अपने खेलों में पदक जीतने की संभावना ज्यादा है।

इंचियोन में भारत ने जीते थे कुल 57 पदक
भारत ने इंचियोन में 2014 में आयोजित एशियाई खेलों के बीते संस्करण में 541 लोगों का दल भेजा था। भारत ने इंचियोन में कुल 57 पदक जीते थे। इनमें 11 स्वर्ण, 10 रजत और 36 कांस्य पदक शामिल थे। आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने 524 सदस्यीय दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जकाार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेने वाले सभी 524 भारतीय सदस्यों को मैं अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। प्रतिनिधिमंडल का चयन टोक्यो ओलंपिक को ध्यान में रखकर किया गया है। इसमें उन्हीं खिलाड़ियों को मौका दिया गया, जिनके एशियाई खेलों और टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने की संभावना ज्यादा है।” 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com