April 19, 2024

रांची के दो इलाकों में बवाल, तोड़फोड़-पथराव, घरों को भी बनाया निशाना

रांची से सटे नगड़ी और इटकी में गुरुवार रात फिर बवाल हुआ। दो गुटों में भिड़ंत के बाद जमकर पथराव हुआ। दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कई घरों को भी निशाना बनाया गया। इलाके में भगदड़ मच गई। घटना में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी है। करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद रांची डीसी समेत वरीय पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पहुंचे और स्थिति को संभाला। देर रात तक पुलिस नगड़ी और इटकी में कैंप कर रही थी। पुलिस गश्त जारी थी। दोनों स्थानों पर तनाव कायम है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात नौ बजे नगड़ी चौक के पास स्थित बाजार में अचानक पत्थरबाजी होने लगी। इसके बाद भगदड़ मच गई। लोग दो गुटों में बंट गए और एक दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। बाजार में भगदड़ और पथराव  के बाद कुछ लोग बाजार के पास स्थित एक धार्मिक स्थल में घुस गए। कुछ देर बाद दोनों ओर से फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई। बाजार के पास पुलिस बल तैनात था। पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा होता रहा। सूचना के बाद पहुंचे डीसी, एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाया और अपने घरों में भेजा।

पुलिस ने फंसे लोगों को वाहन से घर भेजा
धार्मिक स्थल में करीब 60 लोग फंसे थे। पुलिस ने निजी वाहनों से सभी को उन्हें घर भेजा। पूरे नगड़ी में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। अनजान लोगों की पहचान की जा रही थी। देर रात तक पुलिस सर्च अभियान चलाने की तैयारी  कर रही थी।

इटकी में रात 11 बजे पथराव
इटकी में रात करीब ग्यारह बजे अचानक माहौल बिगड़ गया। एक गुट के लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। एक ऑटो को क्षतिग्रस्त कर दिया। कई दुकानो के आगे के छप्पर में तोड़फोड़ की। पत्थरबाजी करने वालों को अमन चैन पंसद लोगों ने खदेड़ दिया। सूचना के बाद वहां भी फोर्स की तैनाती कर दी गई।  स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण मे है। देर रात तक लोगों को समझाया जा रहा था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com