April 25, 2024

उत्तर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्रियों ने शुरू किये नये घर खोजने, कल्याण सिंह रहेंगे पोते संदीप सिंह के साथ तो मुलायम खरीदेंगे नया घर

बसपा सुप्रीमो मायावती भले ही सत्ता में न हो लेकिन उनका दबदबा कायम है। सुप्रीम कोर्ट के सरकारी बंगला छोड़ने के आदेश के बाद अब उन्होंने भी अपना नया ठिकाना ढूंढ लिया है। लेकिन, ये ठिकाना उनकी बड़ी-बड़ी रैलियों की तरह ही बड़ा है। अपनी हाउसफुल रैलियों के लिए जानी जाने वाली मायावती अपने नए आवास के लिए भी चर्चा में आ गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में वह सबसे महंगे और बड़े घर में रहेंगी। वहीं, गृहमंत्री राजनाथ सिंह आम आदमी की तरह ही बने आशियाने में शिफ्ट होंगे।

लखनऊ के माल एवेन्यू में उनका नया आशियाना होगा। 75,000 वर्ग फीट में फैला ये बंगला र्ष 2009-10 में मायावती ने करीब 15 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब इसकी कीमत करीब करीब 25 करोड़ रुपये है। बंगले की डेंटिंग-पेंटिंग का काम शुरू हो गया है। जल्द ही वह इसमें शिफ्ट हो जाएंगी।

इसके बाद नंबर आता है पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का। मुलायम सिंह तीन बार यूपी के मुख्य मंत्री रह चुके हैं। जब पहली बार वे 1991 में सीएम की कुर्सी से हटे तो उन्हें 4 विक्रमादित्य मार्ग वाला घर मिला। मुलायम सिंह अब यहां अपनी दूसरी पत्नी साधना और छोटे बेटे प्रतीक के साथ रहते हैं। मुलायम के बंगले से 50 मीटर दूर प्रतीक यादव का आलीशान मकान बन रहा है लेकिन इसे तैयार होने में साल भर लग सकता है। तब तक के लिए मुलायम किसी किराए के घर में रहना चाहते हैं। उनके करीबी और समाजवादी पार्टी के सांसद संजय सेठ ने लखनऊ के गोमती नगर में मुलायम सिंह यादव को 15 करोड़ रुपये का बंगला तोहफे में देने की घोषणा की है।

सूत्रों के अनुसार, संजय सेठ ने उन्हें गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित सृजन विहार में 11 हजार वर्ग फीट में बनी एक कोठी दिखाई है। मुलायम सिंह यादव को ये कोठी पसंद भी आई है लेकिन सौदा अभी अटका हुआ है। ये कोठी सहारा प्रमुख सुब्रतो राय के आवास सहारा शहर के नजदीक ही है। ये घर बनारस के एक फार्मास्यूटिकल व्यवसायी आरके अरोड़ा का बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार ये कोठी खरीदने के लिए व्यवसायी से बातचीत की जा रही है।

वहीं, मुलायम सिंह यादव के बड़े बेटे व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इन दिनों मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वे कब अपना सरकारी बंगला खाली करेंगे और फिर कहां रहेंगे, ये अभी तय नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार गोमतीनगर विपुलखण्ड में ही उनके ससुर का घर है। हो सकता है अखिलेश यहीं रहें।

अब बात आती है लखनऊ के सांसद और गृहमंत्री राजनाथ सिंह की। वह अगले एक सप्ताह के भीतर अपने गोमतीनगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट होंगे। इसके लिए करीब 2100 वर्ग फीट से बड़े आवास में इन दिनों बुनियादी तैयारियां चल रही हैं। मरम्मत कार्य के अलावा स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों के लिये भी नीचे के तल और अन्य स्थानों पर बदलाव किए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं के मुताबकि राज्य सरकार के नोटिस अवधि पूरी होने से पहले ही गृहमंत्री 4 कालिदास मार्ग का सरकारी बंगला खाली कर 3/206 विपुलखण्ड आवास में शिफ्ट होंगे। कयास लगाये जा रहे हैं कि अगले बडे़ मंगल यानि 29 मई तक शिफ्टिंग हो सकती है। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी के मुताबिक गृहमंत्री यहां जनता से भी कार्यालय में मिलेंगे। इसके लिए सुरक्षा का भी इंतजाम किया जाएगा।

वहीं, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का नया आवास कहां होगा, ये भी तय नहीं हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद वह अपने पोते संदीप सिंह के साथ शिफ्ट हो जाएं। बता दें कि संदीप सिंह योगी सरकार में बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक और चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com