April 18, 2024

डोकाला में स्थिति का जायजा लेने के लिए चीन सीमा का दौरा करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति के साथ अगले महीने सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेगी। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान वह डोकाला में मौजूदा स्थिति का जायजा भी लेंगे।

विदेश मामलों की इस स्थायी समिति के अध्यक्ष कांग्रेस सांसद शशि थरूर हैं। समिति डोकाला में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के विभिन्न पहलुओं को देख रही है। समिति इस मुद्दे पर कई बार पूर्व वर्ती विदेश सचिव और मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले से जानकारी ले चुकी है।

एक सूत्र ने बताया कि समिति इन दो राज्यों में सीमा पर स्थिति का जायजा लेने और जमीनी हकीकत को देखने के लिए सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेगी। एक अन्य सूत्र ने बताया कि इन दो राज्यों में भारत-चीन सीमा पर स्थिति का प्रत्यक्ष अनुभव लेने का विचार है।

मुआयने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल
सूत्रों ने बताया कि समिति सीमावर्ती क्षेत्रों का मुआयना करने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर सकती है। साथ ही समिति वहां तैनात शीर्ष सुरक्षा और रक्षा अधिकारियों से भी रूबरू हो सकती है।

73 दिनों तक रहा था गतिरोध
गौरतलब है कि चीनी सेना द्वारा विवादित ट्राई-जंक्शन में एक सड़क पर एक निर्माण गतिविधि को भारत द्वारा रोके जाने के बाद पिछले वर्ष 16 जून से सिक्किम सेक्टर में डोकाला में 73 दिनों तक भारत और चीन के सैनिकों के बीच गतिरोध बना रहा था। डोकाला को लेकर भूटान और चीन के बीच विवाद है।

डोकाला पर राहुल ने सवाल भी किया था
इससे पूर्व विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने 31 सदस्यीय संसदीय समिति को सूचित किया था कि भूटान इस मुद्दे पर भारत के साथ दृढ़ता से था। सूत्रों ने बताया था कि विचार-विमर्श के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चीन के उद्देश्य और बीजिंग ने टकराव के लिए डोकाला को क्यों चुना इसको लेकर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से सवाल किया था। राहुल ने डोकाला के निकट चीन की व्यापक निर्माण गतिविधियों संबंधी खबरों के बारे में भी पूछा था। इस पर अधिकारियों ने जवाब दिया था कि भारतीय क्षेत्र में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com