April 26, 2024

कर्नाटक में आज रैलियों का महायुद्ध, मोदी-राहुल और योगी करेंगे धुआंधार जनसभाएं

कर्नाटक चुनाव को लेकर सरगर्मिया तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में आज अपने तीसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। वे आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज कर्नाटक में ही रहेंगे और चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता योगी आदित्यनाथ भी कर्नाटक दौरे पर हैं। योगी आदित्यनाथ 3 मई से 5 मई तक कर्नाटक में विभिन्न रैलियों और चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी यहां कलबुर्गी, बेल्लारी और बेंगलुरू में रैली को संबोधित करेंगे। वे यहां 21 कुल रैलियों को संबोधित करेंगे। इनमें से तीन रैलियों को वे 1 मई को संबोधित कर चुके हैं। बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यहां सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित कई भाजपा नेता आएंगे। मोदी ने इससे पहले राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला करते हुए चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया था। प्रधानमंत्री का अगला चुनाव प्रचार अभियान तमाकुरा में पांच मई को होगा।

भाजपा की सोच में किसान कल्याण- मोदी
कर्नाटक में मंगलवार को आयोजित एक चुनावी रैली को संबोंधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की प्रशंसा की थी। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए देवेगौड़ा ने बुधवार को कहा, इसका मतलब यह नहीं कि दोनों दल एक दूसरे से मधुर संबंध बना रहे हैं।

देवगौड़ा ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि जेडीएस भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने दावा किया कि जब सिद्धरमैया जेडीएस में थे, तो वह 2004 में भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बनना चाहते थे।

मोदी ने देवेगौड़ा का कथित अपमान करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा की थी। इसका समर्थन करते हुए देवेगौड़ा ने कहा, एक कन्नड़िगा प्रधानमंत्री बना था। सिद्धरमैया ने कन्नड़िगा के गौरव को खत्म  करने का प्रयास किया।  उन्होंने त्रिशंकु विधानसभा की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि 12 मई को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में जेडीएस सत्ता में वापस आएगी।

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
कांग्रेस ने बुधवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। पार्टी का कहना है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा और रेड्डी भाइयों के साथ खड़े होने के बाद भाजपा को भ्रष्टाचार पर बोलने का अधिकार नहीं है।

पार्टी ने यह आरोप भी लगाया कि सीबीआई ने केंद्र के दबाव में येदियुरप्पा को भ्रष्टाचार के मामले में क्लीनचिट दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ‘एड्डी-रेड्डी गैंग’ एक बार फिर कर्नाटक में शासन करना चाहता है। भाजपा ने रेड्डी के साथ उनके सात समर्थकों को भी टिकट दिया है। इसलिए जब पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के बारे में बोलते हैं, तो बहुत अजीब लगता है।

जिन्ना पर रुख साफ करे- कांग्रेस
राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी जिन्ना के मजार पर मत्था टेक चुके हैं। जसवंत सिंह ने भी जिन्ना की तारीफ की थी। अब उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या मोहम्मद अली जिन्ना को देशभक्त करार दे रहे हैं। ऐसे में भाजपा को जिन्ना के बारे में अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के मामले में उनका कहना था कि इस पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर को फैसला लेना चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com