April 26, 2024

हिमाचल में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री आज लेंगे शपथ, पीएम मोदी समारोह में शामिल होंगे

शिमला। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में जयराम ठाकुर ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे जो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में सीएम की शपथ लेंगे। जयराम हिमाचल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल आचार्य के निर्देश पर मुख्य सचिव सुबह 11:00 बजे ऐतिहासिक रिज मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत करेंगे। राज्यपाल मुख्यमंत्री और मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। करीब 2 घंटे के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम वीवीआईपी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं कई अन्य राज्यों के डिप्टी सी.एम. के भाग लेने की संभावना है। यह समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा, जिसके लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह पहला मौका है जब राज्य के किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जगत प्रकाश नड्डा, राधे मोहन सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, संसदीय मामले मंत्री अनंत कुमार और थावर चंद गहलोत के भाग लेने की संभावना है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह के भाग लेने की संभावना है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रो. प्रेम कुमार धूमल, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित प्रदेश के अन्य नेताओं के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहने की संभावना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com