April 24, 2024

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने स्वर्ण पदक जीतने पर निशानेबाज जीतू राय को दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज जीतू राय सहित अन्य पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पर देश को गर्व है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जारी ट्वीट संदेश में कहा, राष्ट्रमंडल खेल 2018 में हमारे निशानेबाजों की एक और दोहरी सफलता। 10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल प्रतियोगिता में जीतू राय ने स्वर्ण और ओम प्रकाश मिथरवाल ने कांस्य पदक जीता। हमें आप पर गर्व है।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट संदेश में कहा, राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को एक और पदक। प्रदीप सिंह को 105 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने के लिए बधाई। एक अन्य ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा कि यह जानकर प्रसन्नता हुई कि राष्ट्रमंडल खेलों की 10 मीटर महिला एयर राइफल प्रतियोगिता में मेहुली घोष ने रजत और अपूर्वी चंदेला ने कांस्य पदक जीते हैं। एक बार फिर हमारे निशानेबाजों का निशाना लक्ष्य पर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई देने के साथ-साथ खिलाड़ियों के फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। उन्होंने ट्वीट में में कहा, जीतू राय की जीत से भारत आनंदित है। उन्होंने एक बार फिर अपने कौशल को दर्शाते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण जीता है। बधाई हो।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा प्रदीप सिंह भारत का गौरव हैं। हमारे भारोत्तोलक के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए उन्होंने पुरुषों के 105 किलो भारोत्तोलन प्रतिस्पर्धा में रजत हासिल किया है। उन पर गर्व है। प्रधानमंत्री ने कहा यह आश्चर्यजनक है कि 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय एथलीट श्रेष्ठ हैं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत के साथ, मेहुली घोष भारत के पदक विजेताओं की तेजी से बढ़ती सूची में शामिल हो गई हैं। पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में कांस्य के लिए ओम मीठरवल ने अच्छा प्रदर्शन किया।

आपका प्रदर्शन हमें बहुत खुशी देता है। भारत की अपूर्वी चंदेल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल प्रतिस्पर्धा में कांस्य हासिल किया है। भारत के बेहतरीन निशानेबाजों के रूप में अपूर्वी का उभरना आश्चर्यजनक है।उल्लेखनीय है कि 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन सोमवार को भारतीय निशानेबाज जीतू राय ने 10 मीटर एयर पिस्टर स्पर्धा में नए रिकॉर्ड के साथ भारत को आठवां स्वर्ण पदक दिलाया। जीतू ने 235.1 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com