March 19, 2024

यूपी : अब प्राइमरी स्कूलों पर चढ़ा भगवा रंग

यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के शासन में इमारतों का भगवाकरण जारी है। ऐनेक्स और सरकारी बंगलों के बाद अब पीलीभीत में सरकारी स्कूलों को केसरिया रंग में पेंट करने का मामला सामने आया है।

खबर के मुताबिक पीलीभीत के 100 से ज्यादा प्राथमिक विद्यालय भगवा रंग में रंगे गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि विरोध के बावजूद गांव के सरपंच ने इनको पेंट करवा दिया। ये भी कहा जा रहा है कि यह आदेश विभाग से नहीं बल्कि बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खुद जारी किए थे। इसके लिए बाकायदा सरकारी सर्कुलर भी जारी किया गया था।

बता दें कि सर्व शिक्षा अभियान के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय सफेद रंग के होने चाहिए और उनपर हरे रंग की पट्टी। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि विवाद के बाद स्कूलों का रंग फिर से सफेद कराया जा सकता है।

इमारतों के भगवाकरण का सिलसिला अक्टूबर महीने से जारी है जब मुख्यमंत्री के दफ्तर ऐनेक्स को केसरिया रंग में पेंट किया गया था। लखनऊ से शास्त्री भवन में स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहले सफेद रंग से पेंट था। ऐनेक्स के बाद अब खबर है कि इलाहाबाद में माघ मेले के प्रशासनिक शिविरों को भी भगवा रंग में रंगा जा रहा है। पहले मेले में लगने वाले प्रशासनिक शिविर विभागों के रंग में रंगे होते थे लेकिन इस बार इन शिविरों को भगवा रंग दिया जा रहा है। प्रशासनिक के तमाम कैंप ऑफिसों के निर्माण के लिए इस बार भगवा रंग के कपड़े का इस्तेमाल किया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com