April 26, 2024

आज हो सकती है कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आज कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा होने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिये नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख आज है। इस पद के लिये मैदान में अकेले राहुल गांधी ही हैं। राहुल गांधी के पक्ष में कुल 89 नामांकन पत्र दाखिल किये गए थे। जांच में सभी नामांकन पत्रों को वैध पाया गया है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव प्राधिकार (सीईए) के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन और सीईए के सदस्य मधुसूदन मिस्त्री और भुबनेश्वर कलीता घोषणा करेंगे कि सिर्फ राहुल ने शीर्ष पद के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया।

पीटीआई के मुताबिक, रामचंद्रन ने बताया है कि राहुल गांधी को हालांकि पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने का प्रमाण पत्र 16 दिसंबर को सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सौंपा जाएगा।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी आधिकारिक तौर पर 132 साल पुरानी पार्टी की बागडोर अपने बेटे को 16 दिसंबर की सुबह तकरीबन 11 बजे सौंपेंगी। इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय में देशभर के नेताओं से मिलेंगे।

कांग्रेस 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद एक के बाद एक विधानसभा चुनावों में हार का सामना कर रही है। हालांकि, उसे पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी। राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव का परिणाम आने से ठीक दो दिन पहले नियुक्त किया जाएगा. एक समय पूरे देश पर कांग्रेस का नियंत्रण था, लेकिन वर्तमान में सिर्फ पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में उसकी सरकार है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com