April 20, 2024

उत्तराखंड चारधाम में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड, गंगोत्री और यमुनोत्री का तापमान शून्य से नीचे पहुंचा

चारधाम में रविवार को मौसम बदल जाने से श्रद्धालुओं को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। केदारनाथ और बदरीनाथ में दिन भर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। जबकि यमुनोत्री और गंगोत्री में दिन भर हुई बारिश से तापमान शून्य से नीचे चला गया। हालांकि सर्दी के बावजूद चारों धामों में यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

केदारनाथ में रविवार सुबह मौसम साफ रहा। लेकिन दस बजे बाद बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई। भगवान के दर्शन के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु रेनकोट और छाते लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दिल्ली के संदीप, राजस्थान के दुआरी ने बताया कि यात्रियों को बारिश और बर्फबारी से बचाने के इंतजाम नहीं होने के कारण उन्हें घंटों भीगने के लिए मजबूर होना पड़ा।

बदरीनाथ में रविवार को नर नारायण पर्वत और नीलकंठ पर्वत पर बर्फबारी हुई। दोपहर तक बदरीपुरी में भी कभी वर्षा तो कभी हल्की धूप रही। जिला आपदा अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि दोपहर बाद बदरीपुरी में भी हल्का हिमपात हुआ। हालांकि मौसम में ठंडक होने के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आयी। सुबह दस बजे बदरीनाथ धाम में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा।

गंगोत्री और यमुनोत्री में बारिश, गोमुख में बर्फबारी
उत्तरकाशी जिले में रविवार को गंगोत्री, यमुनोत्री के साथ ही अन्य क्षेत्रों में दिन भर बारिश का सिलसिला जारी रहा। सदी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शनों को आये देश विदेश के यात्री उत्तरकाशी में गर्म कपड़े खरीदते नजर आए। चीड़वासा, गोमुख, तपोवन समेत अन्य ऊंवाई इलाकों मे हल्की बर्फबारी हुई।

शून्य से नीचे गिरा पारा
कड़ाके की सर्दी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। गंगोत्री में न्यूनतम तापमान माइनस 2 और यमुनोत्री में माइनस 3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं केदारनाथ में न्यूनतम तापमान चार और बदरीनाथ में 6 डिग्री पहुंच गया।

अब तक बदरीनाथ में पहुंचे सबसे अधिक यात्री
चारों धामों में अब तक सबसे अधिक यात्री बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं। मंदिर समिति के अनुसार बदरीनाथ में अब तक 90 हजार तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ में अब तक 78578, गंगोत्री में 47181 और यमुनोत्री 48862 यात्री पहुंच चुके हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को चारों धामों में धूप खिली रहेगी। लेकिन सात और आठ मई को मौसम खराब रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com