April 20, 2024

उत्तराखंड: इस म्यूजियम में देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के मोम के पुतले आपको देखने को मिलेंगे

आप मसूरी की खूबसूरत वादियों में घूमने आएं और आपको इस सैर-सपाटे के बीच दुनिया की मशहूर हस्तियों संग रूबरू होकर उनके साथ फोटो खिंचवाने का मौका मिले तो आपका टूर तो यादगार ही बन जाएगा। जी हां, मसूरी आने वाले पर्यटकों को अब नया अनुभव कराने के लिए यहां मोम के पुतलों का संग्रहालय खुल गया है। यहां ऐसे मोम के पुतले रखे गए हैं, जो बिल्कुल दुनियां की जानी-मानी हस्तियों जैसे दिखते हैं।

वैसे तो लंदन का मशहूर मैडम  तुसाद संग्रहालय मोम के पुतले के लिए विश्व विख्यात है, लेकिन मसूरी में भी पर्यटकों को कुछ इसी तरह का एहसास कराने की कोशिश की गयी है। हालांकि मसूरी में खुला संग्रहालय लंदन या दुनिया के मशहूर वैक्स म्यूजियम जितना बड़ा नहीं है, लेकिन यहां भी देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के मोम के पुतले आपको देखने को मिलेंगे। मसूरी के कंपनी गार्डन में वैक्स म्यूजियम खोला गया है। नए साल पर खुले इस म्यूजियम को देखने के लिए सैलानियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस म्यूजियम के संचालकों का दावा है कि यह उत्तराखंड में अपनी तरह का यह पहला वैक्स म्यूजियम है।

कंपनी गार्डन के संचालक वीरेन्द्र राणा बताते हैं कि इसमें देश-दुनिया के 25 महान लोगों की प्रतिमाएं लगायी गयी हैं। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ायी जाएगी। प्रत्येक प्रतिमा के पास उस हस्ती के बारे में पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है। यह बच्चों को सैर-सपाटे के बीच महापुरूषों से रूबरू कराने का एक अच्छा प्रयोग हो सकता है। उन्होंने जिस दिन से म्यूजियम खुला है, लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह दिख रहा है।

दिल्ली के पर्यटक प्रीति राणा और रमा कपूर कहती हैं कि यह अच्छी पहल है। उन्हें इंटरनेट पर मसूरी में म्यूजियम खुलने की जानकारी मिली। अब वो मसूरी आए हैं तो यहां आना नहीं भूले। कहा कि दिल्ली में मैडम तुसाड्स संग्रहालय है। मसूरी का संग्रहालय उतना बड़ा नहीं है, लेकिन एक टूरिस्ट प्लेस पर मोम का संग्रहालय खोलने की पहल अच्छी है। बताया कि उन्होंने मोम की प्रतिमाओं संग तस्वीरें ली, जो उनके लिए यादगार बन गयी हैं।

मसूरी में इन हस्तियों की प्रतिमा 

मसूरी में खुले म्यूजियम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, मदर टैरेसा, स्वामी विवेकानंद, हिटलर, बराक ओबामा, गायक मोहम्मद रफी, ब्रूस ली सहित 25 नामी हस्तियों की प्रतिमाएं हैं।

दिल्ली में मैडम तुसाद संग्रहालय

मैडम तुसाद संग्रहालय लन्दन मोम के पुतलों का दुनियाभर में प्रसिद्ध संग्रहालय है। इसकी स्थापना 1835 में मोम शिल्पकार मेरी तुसाद ने की थी। विश्व विख्यात मैडम तुसाद का दिल्ली में भी संग्रहालय खुल है। रीगल बिल्डिंग के दो फ्लोर में बना तुसाद संग्रहालय भारत का पहला मोम का संग्रहालय है। लंदन, हॉलीवुड, लॉस वेगस, न्यूयार्क समेत अन्य शहरों में मैडम तुसाद के संग्रहालय है। हालांकि मसूरी में खुले संग्रहालय का इससे कोई संबंध नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com