April 27, 2024

फेसबुक डेटा लीक मामले में घिरे राहुल, मोदी सरकार ने पूछे ये सवाल

फेसबुक पर करीब 5 करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने से जिस डेटा फर्म को फायदा पहुंचने के आरोप लग रहे हैं, बीजेपी ने उसी एजेंसी से कांग्रेस के कनेक्शन का दावा किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कैंब्रिज एनालिटिका केस में कांग्रेस को घेरा है। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2019 के चुनाव प्रचार के लिए ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका को जिम्मेदारी सौंपी है, जिस पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। मीडिया के एक सेक्शन द्वारा इसे कांग्रेस के ‘ब्रह्मास्त्र’ के तौर पर बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फेसबुक द्वारा अवांछनीय तरीके से भारत की चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो फेसबुक जैसे सोशल मीडिया मंचों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरी तरह से मीडिया, बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और साथ ही सोशल मीडिया पर विचारों के आदान- प्रदान का समर्थन करती है। बता दें कि कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के 5 करोड़ सदस्यों से जुड़ी जानकारियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगा है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, फेसबुक डेटा लीक मामले में कैंब्रिज एनालिटिक के सीईओ को सस्पेंड किया गया है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रोफाइल में कैंब्रिज एनालिटिका का क्या रोल है? उन्होंने कहा कि सरकार साइबर सुरक्षा के लिए गंभीर है. इसका दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस डेटा चुराकर चुनाव जीतना चाहती है। इस तरह से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने पर कार्रवाई होगी।

दावा किया जा रहा है कि फेसबुक पर करीब 5 करोड़ यूजर्स की निजी जानकारियां लीक हुई हैं, जिसका फायदा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के लिए काम कर रही फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका ने उठाया। आरोप हैं कि फर्म ने वोटर्स की राय को मैनिप्युलेट करने के लिए फेसबुक यूजर्स डेटा में सेंध लगाई। अब इस मामले में फेसबुक के संस्थापक जकरबर्ग से जवाब-तलब किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com