त्रिवेंद्र रावत ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, नए सीएम नियुक्त होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर रहेंगे
देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को सायं 4.15 बजे राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से भेंट कर मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र दे दिया है। त्रिवेंद्र रावत का इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए राज्यपाल मौर्य ने उनसे राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने एवं पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है।
त्रिवेन्द्र रावत ने मीडिया को अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने भाजपा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा संगठन ने एक सैनिक के बेटे को प्रदेश की सेवा करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि अपने चार साल के कार्यकाल के दौरान विकास को धरातल तक पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने अटल आयुष्मान योजना के जरिये हर परिवार को स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है। महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए महिलाओं को पति की पैतृक सम्पत्ति में सहखातेदार बनाया है। खेतीबाड़ी से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के मुख्यमंत्री घस्यारी योजना की शुरूआत की। उन्होंने किसान के लिए ब्याजमुक्त ऋण योजना की शुरूआत भी की।
