April 27, 2024

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश और पत्नी डिंपल खोलेंगे हेैरिटेज होटल

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनकी पत्नी डिम्पल यादव लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर अपना नया घर बनाएंगे। दोनों ने संयुक्त रूप से नक्शा पास करने के लिए एलडीए में आवेदन किया है। हालांकि यह नक्शा होटल हिबिस्कस हेरिटज (HIBISCUS HERITAGE) के नाम से पास करने के लिए दिया गया है। मकान जिस जमीन पर बनाया जाएगा, वह होटल, क्लब जैसी विभिन्न सुविधाओं के लिए अनुमन्य है।

यह मकान समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बिल्कुल नजदीक होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण में नक्शा पास करने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों से एनओसी मांगी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश व पत्नी डिंपल के नाम विक्रमादित्य मार्ग पर 1-ए नंबर का बंगला है। इसे अखिलेश व डिंपल ने 31 जनवरी 2005 को दिल्ली निवासी उज्ज्वला रामनाथ पत्नी कमल रामनाथ से खरीदा था। अखिलेश ने जब इसे खरीदा था तब मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे। जमीन क्षेत्रफल 23872 वर्ग फुट है।

उनके नक्शे में कुछ खामी मिली थी। लिहाजा एलडीए ने आपित्त लगाकर वापस कर दिया। संशोधित नक्शा आने के बाद 28 जून 2018 को एलडीए ने नगर निगम के मुख्य वास्तुविद, महाप्रबंधक जलकल, राज्य संपत्ति अधिकारी, डीजी सुरक्षा और नजूल अधिकारी से 15 दिन में आपत्ति-अनापत्ति मांगी। एनओसी आने व मौके का निरीक्षण करने के बाद नक्शा जारी होगा।

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि लाखों लोगों को मकान देने वाले अखिलेश यादव आज खुद किराये के मकान में रह रहे हैं। विक्रमादित्य मार्ग पर उनके रहने के लिए आ‌वास बनवाया जा रहा है।

7 मीटर से ऊंची नहीं बन पाएगी होटल की बिल्डिंग

होटल की बिल्डिंग 7 मीटर से ज्यादा ऊंची नहीं बन पाएगी। जिस जगह उनका प्लॉट है विक्रमादित्य मार्ग का वह क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन में आता है। हाई सिक्योरिटी जोन का नक्शा केवल 7 मीटर ऊंचाई तक ही पास हो सकता है। इसीलिए अखिलेश ने होटल के लिए भूतल, प्रथम तल का ही नक्शा दाखिल कराया है।

2016 में ही बदला गया था भू-उपयोग

इस जमीन का भूउपयोग वर्ष 2016 में ही बदला गया था। पहले शहर के मास्टर प्लान 2021 में इस जमीन का भू-उपयोग आवासीय था। वर्ष 2016 में सपा सरकार में शहर के लिए नया मास्टर प्लान-2031 तक के लिए तैयार हुआ तो भूउपयोग आवासीय से विभिन्न सुविधाएं जैसे होटल, क्लब आदि के लिए कर दिया गया। हालांकि अब सरकार ने आवासीय में भी होटल अनुमन्य कर दिया है।

एलडीए अधिकारियों ने साधी चुप्पी

एलडीए के अफसरों ने इस मामले में चुप्पी साध ली है। प्राधिकरण का कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रभु एन सिंह लंबी छुट्टी पर हैं और बाहर गए हैं। सचिव मंगला प्रसाद सिंह व मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह भी छुट्टी पर हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com