April 19, 2024

उत्तराखंड में बनेगी साइंस सिटी, राज्य को मिलेंगे 3 नए म्यूजियम

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास पर आज केन्द्रीय संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डाॅ. महेश शर्मा के साथ वन, पर्यावरण एवं संस्कृति विभागों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और राज्य में तीन नये संग्रहालय और साइंस सिटी स्थापना का निर्णय लिया।
श्री रावत ने बैठक में पौड़ी जिले में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली के जीवन पर 11 करोड़ की लागत से एक संग्रहालय, टिहरी में भागीरथी नदी के निकट 20 करोड़ की लागत से एक गंगा संग्रहालय तथा अल्मोड़ा में उदय शंकर अकादमी में एक संग्रहालय निर्माण पर केन्द्रीय राज्य मंत्री से सैद्धान्तिक सहमति प्रदान की गई।
इसके साथ ही देहरादून में केन्द्र सरकार द्वारा शत प्रतिशत वित्त पोषित एक विशाल साइंस सिटी की सहमति भी प्रदान की गई है। राज्य सरकार द्वारा साइंस सिटी के लिए भूमि चयनित कर ली गई है। केन्द्र की ओर से देहरादून में साइंस सिटी हेतु 190 करोड़ रुपये प्रदान किए जायेंगे। इसके साथ ही अन्य शहरों में जनसंख्या के अनुसार दस से तीस करोड़ रुपये की लागत से साइंस सिटी की स्थापना हेतु भी डॉ. शर्मा की आेर से सकारात्मक रूख दर्शाया गया।
बैठक में वन विभाग के विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। डॉ. शर्मा ने अगले दो सप्ताह के भीतर सभी मुद्दों पर केन्द्रीय वन मंत्रालय और उत्तराखंड के अधिकारियों की एक बैठक बुलाकर ठोस कार्यवाही का भरोसा दिलाया। राज्य सरकार ने केन्द्रीय राज्य मंत्री के समक्ष कोटद्वार-रामनगर कंडी मार्ग का विषय उठाया गया जिस पर उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कंडी मार्ग के लिए ग्रीन रोड सहित सभी पर्यावरण अनुकूल विकल्पों पर काम कर रही है। इस पर वन्य जीव संस्थान सहित अन्य विशेषज्ञ संस्थाओं की सलाह भी ली जा रही है। उन्होंने कंडी मार्ग को राज्य की जनता और यहां के पर्यटन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के 100 कि.मी. के भीतर वन क्षेत्र से सम्बंधित विषय पर निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार को अधिकार प्रदान किए जाने पर विचार किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण डा0 रणवीर सिंह, प्रमुख वन संरक्षक आर.के.महाजन, अपर सचिव मुख्यमंत्री आशीष श्रीवास्तव एवं निदेशक संस्कृति बीना भट्ट सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com