April 19, 2024

कुम्भ के दौरान शहर के जायके का लुत्फ उठाएंगे सैलानी

हरी के समोसे-नमकीन, निराला की चाट, सुलाकी की कचौड़ी और लोकनाथ की लस्सी। इलाहाबादी जायके का स्वाद अब प्रयाग आने वाले पर्यटक भी ले सकेंगे। पर्यटन विभाग बाकायदा पर्यटन ट्रेल बनाकर पर्यटकों को पुराने शहर की खास खाने पीने की दुकानों पर ले जाकर इलाहाबाद के जायके से रूबरू कराएगा। कुम्भ से पहले सर्वे कर इसमें शहर की मशहूर दुकानों को शामिल किया जाएगा। 
पुराने शहर की खास खाने पीने की दुकानों के सबसे खास व्यंजनों को बाकायदा पर्यटन विभाग प्रचारित करेगा। इनकी खासियत बताएगा। बोर्ड और पर्चों पर इसका जिक्र होगा। इसके साथ ही अपनी वेबसाइट पर इसका जिक्र भी करेगा। जिससे लोगों को इन दुकानों और इसकी खासियत के बारे में जानकारी हो। प्रयाग आने वाले पर्यटकों को पूरे टूर के दौरान एक बार इस फूड ट्रेल पर ले जाया जाएगा। 

जल्द करेंगे सर्वे
पर्यटन विभाग के अधिकारी जल्द ही इस फूड ट्रेल के लिए चौक इलाके का सर्वे करेंगे। इसके बाद प्रमुख दुकानों और उनकी खास व्यंजनों की सूची तैयार की जाएगी। इसकी लिस्ट को अपलोड कर आगे का काम किया जाएगा। 

क्या है उद्देश्य
ज्यादातर सैलानी संगम-आनंद भवन सिविल लाइंस होकर शहर से गुजर जाते हैं। पुराने शहर में खाने-पीने के व्यंजन शहर की पहचान होते हैं। आम इलाहाबादी तो इसके स्वाद को जानता है लेकिन  पर्यटकों को अगर किसी ने बताया तभी वह इस स्वाद को जान पाएंगे अन्यथा ये दुकानें नजरअंदाज रह जाती हैं। ऐसे में शहर के जायके को प्रोत्साहित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। इसके साथ ही पुराने शहर में पर्यटकों की गतिविधियों के बढ़ने के बाद विकास के काम को भी तेजी से किया जा सकेगा। जिससे शहरियों को भी लाभ मिलेगा। 

फूड ट्रेल बनाने की योजना है। पर्यटकों को शहर के खास व्यंजन से रूबरू कराया जाए। इसके लिए जल्द ही चौक क्षेत्र का सर्वे किया जाएगा। खास दुकानों के व्यंजनों को इसमें शामिल करेंगे।
दिनेश कुमार, उप निदेशक, पर्यटन


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com