April 20, 2024

मौसम अपडेट: 28-30 जून तक उत्तर भारत में छा जाएगा मानसून

उत्तर-पश्चिम भारत में इस बार मानसून की रफ्तार तेज रहेगी और महज दो दिनों के भीतर सभी आठ राज्यों में छा जाएगा। मौसम विभाग ने कहा कि 28-30 जून के दौरान महज दो दिनों में मानसून समूचे उत्तर पश्चिमी राज्यों के ज्यादातर हिस्सों में छा जाएगा। 

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मानसून झारखंड, बिहार, ओडिसा और पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में छा गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून ने दस्तक दी है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में प्री मानसून बारिश भी हुई है। 

विभाग ने कहा कि अगले एक-दो दिनों तक प्री-मानसून बारिश अन्य इलाकों में भी होगी। जबकि 28-30 जून के भीतर समूचे उत्तर भारत में मानसून सक्रिय हो जाएगा। इसमें दिल्ली भी शामिल है। दिल्ली में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 29 जून है। जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में मानसून के आगमन में एक से डेढ़ सप्ताह की देरी हो चुकी है। उत्तर भारत में इस बार अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। 

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। 

बारिश की वजह वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी आई। सुबह-सुबह ऑफिस पहुंचने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि बुधवार से प्री मानसून आ जाएगा। 

मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई थी। बुधवार को सुबह से ही मौसम बदल गया। बारिश के साथ हल्की ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। 

सुबह 4 बजे दिल्ली-एनसीआर में कई जगह झमाझम बारिश हुई। जिससे कई इलाकों में पानी भी भर गया। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com