April 27, 2024

उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से,योगी सरकार करेगी अनुपूरक बजट पेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। 9 माह पुरानी योगी सरकार विधानसभा के इस सत्र में 18 दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश करेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक 2017 (यूपीकोका) पेश किया जाएगा। इस विधेयक को योगी कैबिनेट ने बुधवार को ही मंजूरी दी है। बता दें कि जहां एक ओर विपक्ष योगी सरकार की घेरने की तैयारी में है वहीं, सरकार सुचारू रूप से सदन को चलाना चाहेगी। आशंका जताई जा रही है कि यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र का पहला दिन हंगामेदार हो सकता है।

उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने शीतकालीन सत्र को सुचारू रूप से संचालन करने हेतु सभी दलों के नेताओं से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। दीक्षित ने सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेताओं से आग्रह किया कि सभी लोग अपना-अपना पक्ष सदन में शालीनता, सौम्यनष्य एवं संसदीय मर्यादा के साथ रखें। उन्होंने कहा कि दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में पक्ष और विपक्ष होता है। सहमतियां और असहमतियां होती हैं। तर्क और प्रति तर्क होता है। वाद-विवाद होते हैं। सहमति और असहमति दोनों जिस बिन्दु पर मिलते हैं, वहीं जनतंत्र मजबूत होता है।

अध्यक्ष ने कहा कि जनतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी सत्ता एवं विपक्ष दोनों की है। दीक्षित ने कहा कि दुनिया में संसदीय परिपाटी पर तमाम बहस होती हैं। कई तरह की शासन प्रणालियां हैं। संसदीय व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अगर किसी वजह से हम सदन से नाराज होते हैं, तो उसका विकल्प भी सदन ही होता है। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष दोनों का लक्ष्य एक होता है। दीक्षित ने वाणी और व्यवहार को मधुमय बनाने की अपील की। साथ ही कहा कि यह सदन उत्तर प्रदेश की 22 करोड़ जनता के स्पंदन व जनभावनाओं का भाग्य विधाता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com