April 25, 2024

विश्व पर्यावरण दिवसः राजपथ पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

आज विश्व पर्यावरण दिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह के दौरान वह राजपथ लॉन में प्रदर्शनी का भी मुआयना करेंगे। प्रदर्शनी में इस बार का थीम प्लास्टिक प्रदूषकों से निपटने पर आधारित है। इसमें संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधि के साथ राज्यों के पर्यावरण मंत्री भी शामिल होंगे। आपको बता दें कि इस बार पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में इस बात पर खुशी जताई थी कि विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन भारत में होना एक बड़ी वैश्विक स्तर की उपलब्धि है।

राज्यों से साथ देने की अपील 

वहीं एक दिन पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि सभी राज्य साथ मिलकर काम करें तो पर्यावरण से जुड़े लक्ष्यों को भारत हासिल कर सकता है। स्टेट ऑफ एनवायरमेंट रिपोर्ट इंडिया 2015 के विमोचन पर वह अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय मानता है कि भारत अपने लक्ष्यों को तय समय सीमा से पहले ही हासिल कर सकता है। मंत्री ने बताया कि राज्यों को अधिकार दिए जा रहे हैं, जिससे वो बेहतर काम कर सकें।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण प्रोग्राम (यूएनईपी) के कार्यकारी निदेशक एरिक सोलहेम ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के आयोजन के लिए भारत उनकी पहली पसंद था। इसकी आबादी व आर्थिक विकास एक मजबूत पक्ष है। शहरीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण को लोगों का मुद्दा बनाना चाहिए। पर्यावरण राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ एक अभियान चलाने की जरूरत है।

भारत में वन क्षेत्र 21.34 फीसद

पर्यावरण पर सरकार की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में वन क्षेत्र 21.34 फीसद है। 2009 की अपेक्षा इसमें 1.29 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। स्टेट ऑफ एनवायरमेंट रिपोर्ट इंडिया 2015 में कहा गया है कि पेड़ पौधों व वन क्षेत्र को मिलाकर हरियाली कुल 24.16 फीसद क्षेत्र में है। 89 फीसद वन क्षेत्र के साथ मिजोरम पहले नंबर पर है। 33 फीसद से ज्यादा वन क्षेत्र वाले 15 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में असम सबसे नीचे है। वह कुल वन क्षेत्र 35 फीसद है। मध्य प्रदेश का वन क्षेत्र देश में सबसे ज्यादा है। यहां कुल 72,462 वर्ग किमी इलाका वन से आच्छादित है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com