September 22, 2024

आज राहुल गांधी से मिलेंगे कांग्रेसी सीएम, इस्तीफा वापस लेने के लिए भूख हड़ताल पर कार्यकर्ता

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करेंगे। गांधी के अपने पद से त्यागपत्र देने की घोषणा के बाद यह उनकी पहली मुलाकात होगी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पार्टी में गांधी की भविष्य की भूमिका पर रहस्य बना हुआ है और विभिन्न स्तरों पर पद से त्यागपत्र देने वालों की झड़ी लगी हुई है। राहुल गांधी को मनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात शाम तीन बजे होगी। जिसमें मुख्यमंत्रियों के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी सोमवार की शाम गांधी के साथ बैठक में मौजूद रहेंगे।

बैठक का एजेंडा हालांकि स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इसमें कांग्रेस को हाल में संपन्न लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार, खासकर हिंदी पट्टी में मिली पराजय को लेकर गहन मंथन किया जायेगा। विशेषकर उन राज्यों के संदर्भ में जहां वह दिसम्बर महीने में विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में आई थी।

मालूम हो कि कांग्रेस कार्य समिति की 25 मई को हुई बैठक में गांधी ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जाहिर की थी कि गहलोत और कमलनाथ ने अपने बेटों को पार्टी से आगे रखा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com