September 22, 2024

जापान के क्रूज शिप से एयरलिफ्ट किए गए 119 भारतीय, 5 विदेशी भी लाए गए दिल्ली

जापानी शिप से 119 भारतीयों और 5 विदेशी नागरिकों और चीन के सबसे ज्यादा प्रभावित वुहान शहर से 112 भारतीय नागरिक समेत 36 विदेशियों को नई दिल्ली लाया गया। जापान से लाए गए पांच विदेशियों में श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के नागरिक शामिल हैं। भारत सरकार ने लोगों को वहां से निकालने में मदद करने के लिए जापान सरकार का धन्यवाद किया है।

बता दें कि 5 फरवरी से ही डायमंड प्रिंसेस शिप को जापान के योकोहामा पोर्ट पर रोका गया था। इसमें 138 भारतीय फंसे हुए थे, जिसमें 16 कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

जापानी अधिकारियों को दिया धन्यवाद

डायमंड प्रिंसेस क्रूज शिप से भारतीयों को निकालने में मदद के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर जापानी अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्विट किया, ‘एयर इंडिया की फ्लाइट अभी टोक्यो से दिल्ली में उतरी है। कोरोना वायरस के कारण जापान के क्रूज शिप डायमंड प्रिंसेस पर फंसे 119 भारतीय और 5 श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के नागरिक को लाया गया है। उन्होंने इसके लिए एयर इंडिया की भी सराहना की है।

36 विदेशियों समेत 112 भारतीय नागरिकों को लेकर सुबह दिल्ली पहुंचा विमान

दूसरी तरफ, चीन के वुहान से इंडियन एयर फोर्स का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 36 विदेशियों समेत 112 भारतीय नागरिकों को लेकर सुबह 6.45 बजे दिल्ली पहुंचा। सभी लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद दिल्ली के छावला में आईटीबीपी संगरोध सुविधा में ले जाया जाएगा। वुहान से लौटने वाले नागरिकों में बांग्लादेश, म्यांमार, मालदीव, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और मेडागास्कर के नागरिक शामिल थे। इससे पहले ये विमान कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित चीन के वुहान शहर के लिए भारत से जरूरी चिकित्सकीय सामग्री लेकर पहुंचा था।

वुहान से लाए गए लोगों को ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा

वायुसेना के विशेष विमान ग्लोबमास्टर से आज सुबह दिल्ली लौटे 112 लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद आईटीबीपी के छावला स्थित ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा। वुहान से लौटे 36 विदेशी नागरिकों में बांग्लादेश, म्यांमार, मालदीव, चीन, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और मेडागास्कर के नागरिक हैं।

क्रूज शिप डायमंड प्रिंसेज पर कुल 3,711 लोग सवार थे

जापान के तट पर खड़े क्रूज शिप डायमंड प्रिंसेज पर कुल 3,711 लोग सवार थे। इन सभी लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण की आंशका की वजह से 5 फरवरी से अलग-थलग रखा गया था। शिप पर मौजूद 138 भारतीयों में से 132 चालक दल के सदस्य और 6 यात्री शामिल थे। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि बाकी बचे भारतीयों का जापान में ही इलाज चल रहा है।

80 हजार से अधिक लोग हो चुके हैं संक्रमित

बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से 37 देशों में 80 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसकी वजह से अबतक 2,600 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इस महीने की शुरुआत में ही भारत ने चीनी प्रांत हुबेई की राजधानी वुहान से 640 नागरिकों को निकाला था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com