September 21, 2024

उत्तराखंड में 6 अलग-अलग हादसों में 21 की मौत, 16 गंभीर घायल

देहरादून। 22 फरवरी 2022 का दिन उत्तराखंड के लिए हादसों के लिहाज से दर्दनाक रहा। एक ही दिन में 6 सड़क हादसों में 21 लोगों की जान चली गई। 16 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।मंगलवार की शुरुआत ही चंपावत से अमंगलकारी हादसे की खबर से हुई।

पहला हादसा चम्पावत में हुआ। मंगलवार तड़के चंपावत में शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की गाड़ी करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात के अंधेरे में हुए इस हादसे की खबर लोगों को सुबह लग सकी। जब तक स्थानीय लोग और प्रशासन रेस्क्यू करते 14 लोगों की जान चली गई थी। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जान गंवाने वालों में ज्यादातर लोग दूल्हे के पिता लक्ष्मण सिंह के रिश्तेदार थे।

वाहन में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे।
हादसे में इन लोगों की हुई मौतः चंपावत हादसे में जिन 14 लोगों की मौत हुई है।

उनके नाम इस तरह हैं- 1. लक्ष्मण सिंह पुत्र ध्यान सिंह उम्र 61 वर्ष निवासी ककनई, 2. केदार सिंह पुत्र दान सिंह उम्र 62 वर्ष निवासी ककनई, 3. ईश्वर सिंह पुत्र फते सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी ककनई, 4. उमेद सिंह पुत्र गणेश सिंह उम्र 48 वर्ष निवासी ककनई, 5. हयात सिंह पुत्र दीवान सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी 37 वर्ष निवासी ककनई, 6. पुनी देवी पत्नी नारायण सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी हल्द्वानी, 7. भगवती देवी पत्नी होशियार सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ककनई, 8. पुष्पा देवी पत्नी शेर सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ककनई, 9. बसंती देवी पत्नी नारायण दत्त भट्ट उम्र 35 वर्ष निवासी चंपावत, 10. श्याम लाल पुत्र दनी राम उम्र 50 वर्ष निवासी डाडा, 11. विजल लाल पुत्र ईश्वरी लाल उम्र 48 वर्ष निवासी डाडा, 12. हीरा सिंह पुत्र उमेद सिंह उम्र 15 वर्ष निवासी डाडा, 13. दीवांसी पुत्री नारायण दत्त भट्ट उम्र 05 वर्ष निवासी चंपावत, 14. नीलावती पत्नी कुंवर सिंह उम्र 58 वर्ष निवासी चोरगलिया।

दूसरा हादसा बाजपुर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर पट्टी में हुआ। यहां शादी से बाइक पर वापस आ रहे दंपति और दो जुड़वां बच्चों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उसके एक पुत्र की मौके पर ही मौत गयी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाजपुर हॉस्पिटल उपचार के लिए भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

तीसरा सड़क हादसा दुगड्डा में हुआ जहां कार खाई में गिरी। पौड़ी जिले में भी एक निजी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर तीन लोगों को जान गंवानी पड़ी। पौड़ी जिले में यह दुर्घटना दुगड्डा के पास हुई है. वाहन में कुल 5 लोग सवार बताए जा रहे थे, जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई। दो घायलों को कोटद्वार के बेस अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। मृतकों में तीनों शिक्षक हैं। ये हादसा नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर दुगड्डा-गुमखाल के बीच क्रैंखाल के पास हुआ।
दुर्घटनाग्रस्त निजी वाहन वेगनार में सवार सभी लोग टीचर बताए जा रहे हैं।

जानकारी मिली है कि ये सभी लोग प्रखंड जयहरीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कालेज सारी के शिक्षक थे। इस वाहन से सभी शिक्षक स्कूल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मरने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष हैं।

मृतकों के नाम- वंदना भंडारी (40) पत्नी नरेंद्र सिंह भंडारी, निवासी मानपुर (कोटद्वार नगर निगम अंतर्गत), पूनम रावत (42) पत्नी प्रद्युम्न सिंह, निवासी मानपुर (कोटद्वार नगर निगम अंतर्गत) और दीपक शाह (35) पुत्र उत्तम सिंह, निवासी शिवपुर की हादसे में मौत हो गई।

चौथा हादसा भीमताल में हुआ। भीमताल घूमकर दिल्ली वापस लौट रहे पर्यटकों की कार भीमताल के सलड़ी क्षेत्र में खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए. घायलों का रेक्स्यू कर लिया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा कार खाई में गिरने की सूचना तत्काल भीमताल पुलिस को दी गई। भीमताल पुलिस द्वारा सभी घायलों को खाई से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस व स्थानीय लोगों की मदद से भीमताल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां सभी का उपचार जारी है.

पांचवां हादसा मसूरी में घटित हुई। मसूरी के टिहरी बाईपास लक्ष्मणपुरी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात नशे की हालत में चालक कार चला रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा दोनों युवकों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दोनों युवक दिल्ली के रहने वाले हैं।

छठवां हादसा- ऋषिकेश में भी सड़क हादसा हुआ है। यहां मुनि की रेती इलाके में दो युवकों की हादसे में मौत हो गई है। एक युवक और एक युवती घायल हैं। इनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार ये लोग शिवपुरी से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। ब्रह्मपुरी के पास अचानक इनकी कार अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। थाना मुनि की रेती पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची. खाई से निकालकर घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया. हादसे में घायल हुए दोनों लोगों का का उपचार जारी है।

घायलों में रीना पंवार ग्राम चमेली पावकी देवी थाना मुनि की रेती जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 22 वर्ष, विकास भट्ट 30 वर्ष पावकी देवी थाना मुनि की रेती जनपद टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। मृतकों में रामदयाल पुत्र बुद्धि दास उम्र 56 वर्ष ग्राम चमोल नरेंद्र नगर जनपद टिहरी गढ़वाल तथा संजीव सिंह सजवान पुत्र रणवीर सिंह 40 वर्ष, निवासी पावकी देवी हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com