September 22, 2024

आईटीबीपी का 61वां स्थापना दिवस, राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं

देहरादून। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवान यानी आईटीबीपी का आज 61वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईटीबीपी के जवानों की बधाई और शुभकामनाएं दी। आईटीबीपी के जवान दिन रात कठिन हालत में चीन सीमा पर भारत माता की रक्षा के लिए तैनात रहते हैं।

आईटीबीपी के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मां भारती की रक्षा हेतु साहस, पराक्रम एवं कर्तव्यपरायणता के भाव को लेकर सदैव तत्पर रहने वाले आईटीबीपी के सभी वीर जवान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

वहीं राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि मैं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी के सभी रैंकों, पूर्व सैनिकों और परिवारों को उनके 61वें स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर बधाई देता हूं। इस महान संगठन के लिए ‘शौर्य दृढ़ता कर्मनिष्ठा’ का आदर्श वाक्य मार्गदर्शक शक्ति बना रहे।

बता दे कि भारत तिब्बत सिंह पुलिस बल का गठन 24 अक्टूबर 1962 को किया गया था। आईटीबीपी लद्दाख में काराकोरम दर्रे से लेकर अरूणाचल प्रदेश के जचेप ला तक 3488 किमी लंबी भारत-चीन सीमाओं की रक्षा करता है, जिसमें एक बड़ा हिस्सा उत्तराखण्ड का भी आता है। उत्तराखण्ड में करीब 463 किमी लंबी ची पर भारत की रक्षा आईटीबीपी के जवान करते हैं। उत्तराखण्ड में चीन की सीमा उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में लगती है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com