September 22, 2024

दिल्ली के कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर के संपर्क में आए 800 लोगों को किया गया क्वारंटाइन

दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए मोहल्ला क्लिनिक के डॉक्टर के संपर्क में आये 800 लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है। यह जानकारी दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दी है।

जैन ने बताया कि डॉ गोपाल झा और चार अन्य सऊदी अरब से लौटी एक संक्रमित महिला के संपर्क में आने के बाद कोविड-19 की चपेट में आ गए। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक झा की बेटी और पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं।

डॉक्टर की पत्नी और उनकी बेटी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि डॉक्टर सफदरगंज अस्पताल में भर्ती हैं। सऊदी से आई एक महिला डॉक्टर के संपर्क में आई थी। 23 मार्च को उस महिला को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद 24 मार्च को डॉक्टर के भी कोरोना होने की पुष्टि हो गई। दुबई से आई उस महिला के परिवार में 4 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि एक पड़ोसी भी संक्रमित हुआ है।

12 मार्च से 18 मार्च तक जो भी उस मोहल्ला क्लिनिक में गया है, उन्हें क्वारंटाइन होने के लिए बोला गया है। साथ ही कहा गया है कि अगर उन्हें कोविड-19 के लक्षण दिखें तो डॉक्टर से संपर्क करें। इससे पहले सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) शाहदरा ने डॉक्टर से मिलने गए लोगों से कोविड -19 के किसी भी लक्षण दिखने पर कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए कहा है।

दिल्ली स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, क्लिनिक को बंद कर दिया गया है और इसे साफ किया जा रहा है।

बता दें कि पिछले 24 घंटों में रिपोर्ट किए गए छह नए पॉजिटिव COVID-19 मामलों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में कुल संख्या 36 पहुंच गई है। वहीं, पूरे देश की बात करें तो देश में कोरोनावायरस के मामले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 649 हो गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com