September 22, 2024

NDA की ऐतिहासिक जीत: पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार दोबारा बहुमत से आएगी सत्ता में

 लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार ‘ प्रचंड मोदी लहर’ पर सवार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) रिकॉर्ड सीटों के साथ केंद्र की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। निर्वाचन आयोग की ओर से गुरुवार को जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार बीजेपी 301 सीटों पर आगे चल रही थी वहीं, कांग्रेस 52 सीटों पर आगे थी। आयोग ने 542 सीटों के रुझान जारी किये हैं। भारत के इतिहास में यह पहली बार है कि कोई गैर कांग्रेसी दल दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। दस में से नौ एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत का अनुमान जताया गया था। आजतक माईएक्सिस इंडिया ने एनडीए को सबसे ज्यादा 340 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। गौरतलब है कि 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों के मतदान में करीब 67 फीसदी मतदान हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है। 

वाराणसी में मोदी एक लाख वोटों से आगे
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने प्रतिद्वंद्वियों पर करीब एक लाख वोटों की बढ़त बना चुके हैं। पिछली बार उन्होंने तीन लाख 71 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। यहां कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय तीसरे स्थान पर खिसक चुके हैं और सपा प्रत्याशी शालिनी यादव दूसरे स्थान पर हैं। शालिनी यादव ने वोटों में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से दखल देने की मांग की और काउंटिंग स्थल के बाहर आ गईं।

अमेठी से राहुल पीछे
अमेठी में कांग्रेस प्रत्याशी और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी 3557 वोटों से पीछे हैं और यहां अप्रत्याशित परिणाम देखने को मिल सकता है। पिछली बार राहुल की जीत का आंकड़ा तीन लाख से एक लाख वोटों पर लाने वाली केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी सबको चौंका सकती हैं। 

मोदी ने इंदिरा की बराबरी की
पंडित नेहरू ने लगातार तीन बार और इंदिरा गांधी ने लगातार दो बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाकर सरकार बनाई थी। नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 का चुनाव जीत था। इंदिरा गांधी ने 1967 और 1971 का चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जीता था। 2014 में उनके नेतृत्व में भाजपा ने 282 सीटें जीती थीं और इस बार भी वह 272 से ज्यादा सीटें जीतते दिख रही है। एनडीए का आंकड़ा तो 330 के पार जा सकता है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com