September 22, 2024

मुस्लिम महिलाओं का मन जीतने की तैयारी में भाजपा

भाजपा ने उपचुनाव जीतने की जिम्मेदारी मंत्रियों व पदाधिकारियों  को सौंपी है तो सदस्यता अभियान की सफलता के लिए मुस्लिम महिलाओं पर अपना ध्यान के्द्रिरत करने का फैसला किया है। इसके लिए प्रदेश भाजपा बकायदा मास्टर प्लान तैयार करने जा रही है जिसके तहत प्रदेश की मुस्लिम महिलाओं को भरोसा दिलाया जाएगा कि उनकी हित चिन्तक सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही है। सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा मुख्यालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अल्पसंख्यक विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में भाजपा से जोड़ने के प्रस्ताव को एकमत से मंजूरी दी गई। 

प्रस्ताव में कहा गया है कि तीन तलाक मुद्दा मुस्लिम महिलाओं को भाजपा के करीब लाने में काफी मददगार साबित हुई है। मुस्लिम महिलाओं को अब यह भरोसा हो चुका है कि भाजपा उनके भविष्य की चिन्ता कर रही है। ऊपर से हाल के दिनों में मदरसा बोर्ड में नाजनीन अंसारी को सदस्य मनोनीत करने से लेकर सौफिया अहमद को अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य बनाने एवं आसिफा जमानी को उर्दू एकेडमी का चेयरमैन बनाने समेत मुस्लिम महिलाओं की भागीदारी सरकार में बढ़ाने से उनका झुकाव तेजी से पार्टी की तरफ हो रहा है। भाजपा इसका लाभ चाहती है। 

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद कहते हैं कि भाजपा सरकारों द्वारा मुस्लिम महिलाओं को आत्म निर्भर एवं स्वावलम्बी बनाने की दिशा में जो कार्य किए गए हैं इससे प्रभावित होकर मुस्लिम महिलाएं लगातार भाजपा के साथ जुड़ रही हैं।

एक समय था जब भाजपा के कार्यक्रमों में इक्का-दुक्का अल्पसंख्यक या यूं कहें मुस्लिम दिखता था। मुस्लिम महिलाओं का दिखना दुर्लभ था पर आज समय बदल चुका है। अब भारतीय जनता पार्टी  के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में मुस्लिमों की भी भागीदारी हो रही है। महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने लगी हैं।
हैदर अब्बास चांद,  भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष 

एक मंत्री और एक पदाधिकारी पर रहेगी उपचुनाव जिताने की जिम्मेदारी

उपचुनाव की तिथियों की घोषणा भले ही अभी भविष्य की गर्त में ही है लेकिन भाजपा ने अपनी तैयारियों को अन्तिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने उपचुनाव वाले सभी 12 सीटों में से हर सीट पर जीत हासिल करने के लिए मंत्रियों व पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है।  हर सीट पर एक मंत्री और एक पदाधिकारी को तैनात करने का फैसला किया है ताकि दोनों जिम्मेदार पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर सामान्य मतदाताओं तक को पार्टी की विचारधारा से इत्तिफाक कराए। रामपुर को हथियाने के लिए भाजपा ने डा. दिनेश शर्मा को तथा  गोविन्दनगर की सीट पर केशव मौर्य को जिम्मेदारी सौंपी है। लखनऊ कैन्ट की सीट को बरकरार रखने का जिम्मा चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन के कंधे पर डाला है। श्री टंडन के सहयोग के लिए विद्यासागर सोनकर को लगाया गया है।

वहीं टुंडला सीट की जिम्मेदारी ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा को दी गई है और उनके सहयोग के लिए बीएल वर्मा होंगे। प्रतापगढ़ सीट की जिम्मेदारी परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह एवं त्रियंबक त्रिपाठी जबकि मानिकनगर सीट का जिम्मा राज्यमंत्री डा. महेन्द्र सिंह एवं प्रकाश पाल को सौंपा गया है। जैदपुर सीट पर वन मंत्री दारा सिंह व गोविन्द नारायण शुक्ला को जबकि इगलास सीट की जिम्मेदारी गन्ना मंत्री सुरेश राणा एवं पुरुषोत्तम खण्डेलवाल को दी गई है। बलहा सीट का दायित्व समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री व उपेन्द्र तिवारी को सौंपा गया है। गंगोह सीट का जिम्मा पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र चौधरी और वाई पी सिंह को और हमीरपुर का दायित्व कृषि राज्यमंत्री धुन्नी सिंह एवं अशोक कटारिया को सौंपी गई है।    


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com