September 22, 2024

यूपी के स्वास्थ्य मंत्री के साथ 28 लोगों में भी नहीं मिला कोरोना पॉजिटिव, कनिका संग पार्टी में थे मौजूद

बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। स्वास्थ्य मंत्री के संपर्क में आए 28 लोगों के नमूनों भी निगेटिव आए हैं। वहीं, कनिका कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

बता दें कि कनिका को कोरोना होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह व उनकी पत्नी ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री और उनकी पत्नी, परिजनों व घर में काम करने वाले लोगों की जांच के नमूने लेकर लैबोरेट्री भेजे गए थे। बता दें कि लंदन से लौटकर गायिका कनिका कपूर लखनऊ में एक बड़े होटल में ठहरीं थीं। इसके बाद इस होटल को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

पार्टी में कई नेता और अफसर शामिल हुए थे

कनिका कपूर एक पार्टी में शामिल हुई थीं। इसमें 100 से ज्यादा अतिथि आए थे। पार्टी में कई बड़े अफसर, नेता भी शामिल हुए थे। इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के साथ ही उनके पुत्र और सांसद दुष्यंत सिंह, कांग्रेस के नेता जितिन प्रसाद, यूपी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी शामिल हुए थे। कनिका में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नेताओं ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था।

दस दिन पहले लंदन से लौटी थीं

बताया जाता है कि कनिका नौ मार्च को लंदन से मुंबई और वहां से 11 मार्च को लखनऊ आई थीं। उस वक्त उन्हें बुखार नहीं था। इसके बाद वह महानगर के गैलेंट अपार्टमेंट में हुई पार्टी में शामिल हुई थीं। शहर के बड़े होटल में गईं और तीन अन्य पार्टियों में भी शामिल हुई थीं। शुक्रवार को जब कनिका कपूर को कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई, तो लखनऊ हलचल मच गई। इसके बाद कई लोगों ने अपना कोरोना वायरस का टेस्ट कराया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com