September 22, 2024

मुंबई में प्रवासी मजदूरों को भड़काने वाला शख्स विनय गिरफ्तार, आज कोर्ट में किया जाएगा पेश

कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने के ऐलान के बाद मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों को गुमराह कर इकट्ठा करने वाले आरोपी विनय दुबे को मुंबई पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। आज आरोपी विनय को आज स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि आरोपी विनय ने ही प्रवासी मजदूरों को उकसाया, जिसकी वजह से मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर मंगलवार की शाम जन सैलाब उमड़ पड़ा और फिर स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी।

जानें क्या है पूरा मामला

कोरोना के चलते लॉकडाउन के बीच गुमराह किए जाने पर मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को हजारों की तादाद में प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य जाने के लिए इकट्ठा हुए। इन लोगों को यहां से हटने के लिए कहा गया लेकिन इनके अड़े रहने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया। इस भीड़ को उकसाने के आरोप में ही विनय दुबे को बुधवार सुबह मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया पर दी थी आंदोलन की धमकी

माना जा रहा है कि कई दिनों से प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर विनय एक तरह से अभियान चला रहा था। उसके फेसबुक और ट्विटर अकाउंट खंगालने पर पता चलता है कि वह कई दिनों से इससे संबंधित पोस्ट कर रहा था। 13 अप्रैल को विनय ने एक पोस्ट डाला, जिसमें उसने केंद्र और उत्तर भारत की राज्य सरकारों को चेतावनी दी कि अगर 18 अप्रैल तक दूसरे राज्यों के लोगों को घर पहुंचाने का प्रबंध नहीं हुआ तो वह देशव्यापी आंदोलन करेगा।

जारी किया था एक वीडियो

इसके अलावा, एक दिन पहले विनय ने एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह आरोप लगाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजदूरों की जिंदगी के बारे में बिना सोचे देश में लॉकडाउन का फैसला लिया है। विनय ने 14 अप्रैल के बाद रेलवे को चालू करने का आग्रह किया था, ताकि मजदूर अपने घरों को वापस लौट सकें। वीडियो में वह अपना नंबर भी शेयर करता है और लोगों को जाने के लिए इस पर सूचना देने की अपील करता है।

विनय पर लगी हैं ये धाराएं

महाराष्ट्र पुलिस ने हजारों मजदूरों को गुमराह करने वाले आरोपी विनय के खिलाफ एपिडेमिक एक्ट (महामारी एक्ट) की धारा 3 और आईपीसी की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270 और 505 (2) के तहत  मामला दर्ज किया है।

बांद्रा की घटना पर 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

अब महाराष्ट्र पुलिस को उन लोगों की तलाश है जो इन हजारों मजदूरों को गुमराह किया, जिसकी वजह से ये लोग बांद्रा स्टेशन पर आए थे। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर किसने यह अफवाह फैलाई कि ट्रेन चलने जा रही है। एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 और आईपीसी की धारा 143, 147, 149, 186 और 188 के तहत करीब 800 से 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

देशभर में अब तक 393 लोगों की मौत

शहर में नए कोरोना मामलों की बात करें तो मंगलवार को भी महाराष्ट्र में 350 से नए केस मिले। महाराष्ट्र समेत देश के अन्य हिस्सों में नौ सौ से ज्यादा नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या 11 हजार को पार कर गई है और अब तक देशभर में 393 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,684 हो गई है और मौंत का आंकड़ा बढ़कर 178 हो गया है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com