September 22, 2024

सराहना: राजनाथ ने बढ़ाई त्रिवेंद्र की ताकत, कहा बड़े फैसले लेकर खींची विकास की नई लकीर

देहरादून। अभासी रैली के माध्यम से ‘उत्तराखण्ड जन संवाद’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखण्ड को देवभूमि और वीर भूमि कहा। उन्होंने इसे परिश्रम और पराक्रम की धरती बताया। उन्होंने कहा कि जब इस राज्य का जन्म हुआ तब वह अविभाजित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे और उन्हें उत्तराखण्ड के प्रत्येक क्षेत्र को जानने का अवसर मिला है। जन संवाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि रावत ने बड़े फैसले लेकर उत्तराखंड के भविष्य की लंबी लकीर खींची। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत उत्तराखण्ड में किए गए काम के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत बधाई के पात्र हैं। उनकी जितनी सराहना की जाए कम है। उन्होंने कहा कि भराड़ीसैण में जो कोविड केयर सेंटर स्थापित हुआ है, उसकी सराहना केद्र से वहां गई टीम ने भी की है।

उत्तराखण्ड तेजी से विकास के मार्ग पर बढ़ रहा है। किसानों के कल्याण के लिए त्रिवेन्द्र जी ने सराहनीय कदम उठाए हैं। कान्ट्रेक्ट फार्मिंग के एक्ट को बहुत उम्मीद से देखा जा रहा है। किसानों के लिए बीज पर सब्सिडी को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया है। गौरा देवी कन्याधन योजना भी प्रमुख कार्यक्रम है। पलायन को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। स्थानीय युवाओं और घर लौटे प्रवासियों के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। प्रवासियों को वापस लाने में मुख्यमंत्री रावत ने सराहनीय काम किया गया है।

उत्तराखण्ड में इन्वेस्टर्स समिट का महत्वपूर्ण आयोजन किया गया। भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई गई। गैरसैण में ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाई गई है। अटल आयुष्मान योजना में 40 लाख गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। काम बहुत सारे हुए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण का काम हुआ है।

मानसरोवर के लिए अब बीआरओ ने लिपुलेख तक एक लिंक रोड़ का निर्माण कर दिया है। धारचूला-लिपुलेख मार्ग बनने से मानसरोवर के लिए एक अन्य मार्ग हो गया है जिससे इस यात्रा में 6 दिन का समय कम लगेगा।

प्रधानमंत्री ने देश की अंतर्राष्ट्रीय साख बढ़ाई: राजनाथ

केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार के पिछले एक वर्ष में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि इन 6 वर्षों में देश ने काफी प्रगति की है। अंतर्राष्ट्रीय साख बढ़ी है। अर्थव्यवस्था को नौवें स्थान से 5 वें स्थान पर लाए हैं। देश में तेजी से प्रगति हो रही थी तब पूरे विश्व में कोविड-19 की चुनौति उत्पन्न हुई है। बहुत से विकसित देश पूरी तरह से प्रभावित हुए है। लेकिन प्रधानमंत्री जी ने जिस सूझबूझ के साथ कदम उठाए हैं, उसकी प्रशंसा पूरी दुनिया में हो रही है। स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया गया है। पीपीई किट बड़ी संख्या में बना रहे हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com