September 22, 2024

भारत की जवाबी कार्रवाई में 5 पाक सैनिक ढेर, 3 घायल

पाकिस्‍तान लगातार जम्मू एवं कश्मीर में सीजफायर का उल्‍लंघन करने में लगा हुआ है। हालांकि भारतीय सेना भी उसकी इन हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है और इसी कार्रवाई में पुंछ जिले भारतीय सेना द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और तीन घायल हो गए।

रक्षा सूत्रों ने कहा, “पाकिस्तान ने गुरुवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के मनकोट सेक्टर में नागरिकों व उनकी सुविधाओं को निशाना बनाते हुए बिना वजह गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तान की सेना द्वारा नागरिक सुविधाओं को लक्ष्य बना कर किए गए अंधाधुंध गोलीबारी में नागरिक संपत्ति को नुकसान हुआ।”

उन्होंने आगे कहा, “इसके बाद भारतीय सेना द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और तीन घायल हो गए। उनके कई बंकर भी नष्ट कर दिए गए हैं।” दोनों पक्षों के बीच 2 घंटे तक गोलीबारी हुई।

इस साल की शुरुआत के बाद से पाकिस्तान ने कई बार साल 1999 में दोनों देशों के बीच हुए द्विपक्षीय युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है।

जम्मू एवं कश्मीर में जनवरी 2020 से नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा 3200 से अधिक संघर्ष विराम उल्लंघन में 30 नागरिक मारे गए हैं और 100 से अधिक घायल हुए हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com