September 22, 2024

कांग्रेस वर्किंग कमेटी बैठक में बड़ा फैसला, मई में होगा पार्टी अध्यक्ष का चुनाव

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव मई में कराया जाएगा। बैठक के दौरान सभी नेताओं के बीच सहमति बनी कि पांच राज्यों के चुनाव और किसान आंदोलन के चलते फिलहाल इस चुनाव को कुछ दिनों के लिए और टाल दिए जाए। ऐसे में अब चुनाव मई में होने की संभावना है। आपको बता दें कि कांग्रेस वर्किंग कमिटी कांग्रेस की सबसे बड़ी नीति निर्धारक इकाई है।

यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। जानकारी के मुताबिक केसी वेणुगोपाल ने सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी का शेड्यूल पढ़ा और बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए मई में चुनाव होंगे। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। दरअसल इस साल अप्रैल-मई के महीने में चार राज्यों- तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और असम- और केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती कि आंतरिक चुनाव के चलते पार्टी का ध्यान भटके। 

वहीं बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकारर ने संवेदनहीनता और अहंकार की सभी हदें पार कर दी हैं। किसान आंदोलन को लेकर सोनिया गांधी ने कहा कि इन कानूनों को सरकार ने जल्दबाजी में पास कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया बोलीं कि संसद में कृषि कानूनों को ठीक से समझने का मौका नहीं दिया गया और अब बैठकों का दौर चल रहा है। साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा एक गंभीर विषय है, बीते दिनों जो गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला सामने आया है वो गंभीर मुद्दा है, जिसपर सरकार चुप्पी साधे हुए है।

गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कांग्रेस पार्टी में आंतरिक चुनाव की मांग भी लंबे समय से उठती रही है। पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी के 23 वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें पार्टी में आंतरिक चुनाव कराने की मांग की गई थी। इस चिट्ठी के बाद कांग्रेस पार्टी में इस हंगामा भी हुआ था।  


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com