September 21, 2024

रविंद्र जुगरान आप पार्टी में हुए शामिल, भाजपा को कुछ ऐसे लताड़ा

देहरादून: भाजपा के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र जुगरान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये। शुक्रवार को जुगरान ने समर्थकों के साथ आप पार्टी में शामिल होकर सदस्यता ग्रहण की। आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने रविंद्र जुगरान को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

रविन्द्र जुगरान राज्य आंदोलनकारी रहे हैं। और वे समय-समय पर जनहित के मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहते हैं। लंबे समय तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी में जाने का फैसला लिया है। प्रदेश की की राजनीति में तीसरे विकल्प का दावा कर रही आप में लोगों के जुड़ने का सिलसिला जारी है। कई दलों के लोग आप में शामिल हो रहे हैं।

आंदोलनकारी,एक्टिविस्ट और राज्य मंत्री रहे रविन्द्र जुगरान ने इस मौके पर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, राज्य के लिए उन्होंने आंदोलनकारी के रुप में लंबे समय तक संघर्ष किया। लेकिन आज भी राज्य पिछले 20 सालों में ज्यादा बदला नहीं, यहां राज करने वाले दोनों दलों, ने जनहित के मुद्दों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। आज तक इस प्रदेश में विशुद्ध रुप से किसी भी पार्टी की सरकार नहीं रही। यहां कांग्रेस बीजेपी की सरकारों को देखकर ऐसा लगता है कि ये दोनों दल आपस में मैत्री मैच खेल रहे हों।

उन्होंने कहा कि मेरे मन में उबाल तब से है जब प्रदेश में बी सी खंडूडी की सरकार रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज अपने पथ से भटक चुका है। सबसे पहले 2004 में वो पहली निर्वाचित सरकार के खिलाफ हाईकोर्ट गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पैसों को लूटा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मैंने 2012 के बाद से बने दिल्ली मॉडल को देखकर ये एहसास किया कि, कैसे दिल्ली सरकार ने कम समय में ही स्वास्थय, बिजली, पानी, मोहल्ला क्लीनिक जैसी सुविधाएं दिल्ली वासियों को दी। हर वर्ग को दिल्ली सरकार ने तव्वजो दिया। लेकिन यहां की सरकारों से ऐसी ही उम्मीद थीं, लेकिन ऐसा यहां की सरकारों का विजन नहीं रहा।

इस मौके पर प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने मीडिया को बताया कि रविन्द्र जुगरान आप पार्टी का बडा चेहरा साबित होंगे। आप पार्टी राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा करेगी। उन्होंने रविन्द्र जुगरान का तहेदिल से स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को बल मिलेगा और पार्टी एकजुट होकर आगे बढते हुए राज्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी। वहीं संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी बहुत ही मजबूती से संगठन विस्तार कर रही है। पहाडों में जहां स्थितियां विषम हैं वहां पर भी पार्टी अपना काम कर रही है, जिसके नतीजे जल्द ही सबके सामने होंगे। उन्होंने कहा कि आप का विजन स्पष्ट है और उसी विजन से आप पार्टी प्रदेश में चुनाव लडेगी और जो मुकाबला होगा वो सिर्फ बीजेपी और आप पार्टी के बीच होगा, कांग्रेस कहीं भी इस लडाई में नजर नहीं आने वाली।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com