रेबीज के खिलाफ लड़ाई 2030 तक जीतनी है : स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को अपने मंत्रालय, पशुपालन मंत्रालय और आयुष मंत्रालय से रेबीज को वर्ष 2030 तक खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हमें 2030 तक रेबीज के खिलाफ लड़ाई जीतनी है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय और पशुपालन मंत्रालय का एक व्यापक प्रयास होना चाहिए और हमें आयुष मंत्रालय को भी इसमें शामिल करना चाहिए।”
इस वर्ष के विश्व रेबीज दिवस की थीम ‘रेबीज : फैक्ट्स, नॉट फियर’ है। मंडाविया ने रेबीज को रोकने के लिए समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने और डर को दूर करने के लिए ठोस कार्रवाई करने के लिए दिन समर्पित करने को कहा।
मंत्री ने कहा, “हम तपेदिक को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि इसे खत्म करने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाया गया है। इसी तरह, हमें रेबीज के खिलाफ आक्रामक रूप से अभियान चलाना होगा।”