September 22, 2024

Lakhimpur khiri घटना: उत्तराखण्ड कांग्रेस बाजपुर से सीतापुर तक निकालेगी मार्च

देहरादून। लखीमपुर खीरी में हुई घटना का असर उत्तराखंड की राजनीति पर साफ नजर आने लगा है। विपक्षी दल कांग्रेस इस मुद्दे को अब चुनावी मुद्दा भी बना रही है। जिसको लेकर गुरूवार को कांग्रेस चलो सीतापुर, बाजपुर, किच्छा, सीतापुर लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालने जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस सीतापुर मार्च निकालेगी।

किसानों के समर्थन में कांग्रेस देशभर में पहले से ही केन्द्र सरकार के कृषि कानूनों का जमकर विरोध कर रही है। उत्तराखंड कांग्रेस भी तराई क्षेत्र में पहले परिवर्तन यात्रा के दौरान जमकर कृषि कानूनों को लेकर मोदी सरकार पर हमला कर चुकी है।

हालिया लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई घटना ने कांग्रेस की रणनीति भी बदल दी है। कांग्रेस अब इस प्रकरण को चुनावी राज्यों उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में जोर-शोर से उठा रही है। इस घटना के विरोध में पंजाब और उत्तराखंड में भी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं हरीश रावत और नवजोत सिंह सिद्धू ने गिरफ्तारी दी थी। इस दौरान मैदान से लेकर पहाड़ तक सैकड़ों कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किया। उत्तराखंड में हरीश रावत और गणेश गोदियाल ने मौन उपवास भी रखा।

ताजा जानकारी है कि लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर उत्तराखण्ड कांग्रेस 7 अक्टूबर को बाजपुर से किच्छा होते हुए सीतापुर तक लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालने जा रहे हैं। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कांग्रेस के हजारों समर्थक जुटने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस ने तीन किसान विरोधी काले कानूनों को समाप्त करने को मांग की है। इसके अलावा किसानों के हत्यारों को गिरफ्तार करने और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की भी कांग्रेस मांग कर रहा है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com