September 22, 2024

उत्तराखण्डः गृहमंत्री ने किया सीएम घसियारी योजना का शुभारम्भ, विकास को लेकर कांग्रेस से पूछे ये सवाल

देहरादून। गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना का शुभारम्भ कर दिया है। दून के बन्नू इण्टर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को चारा किट भी बांटे। गृहमंत्री अमित शाह ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नारे लगाकर जोश भरा।

उन्होंने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि देवभूमि, वीरभूमि उत्तराखण्ड को अलग राज्य अटल बिहारी वाजपेयी ने दिलाया। उन्होंने कहा कि वो चार साल पहले आये थे। हमने कहा था, अटल जी ने बनाया था, मोदी जी संवारेंगे। आज उसी आधार पर काम हो रहा है। इसके बाद कॉओपरेटिव सेंटर का भी गृहमंत्री ने शिलान्यास किया।

केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास के जो काम बचे हुए हैं उन्हें प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरा करेंगे। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि 2017 में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो वायदे किये थे वे 85 प्रतिशत पूरी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का विकास भाजपा ने ही किया है। दिसम्बर 2022 से पहले उत्तराखण्ड के हरघर में नल से शुद्ध जल पहुंचेगा। अमित शाह ने कहा कि उत्तराखण्ड में कोविड वैक्सीनेशन में बहुत अच्छा काम हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता को भाजपा को एक और मौका देना चाहिए।

वहीं वे कांग्रेस और हरीश रावत पर हमलावर होते हुए भी नजर आये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले पहले यह बताएं कि 70 साल में उन्होंने क्या किया।

उन्होंने कांग्रेस के ब़ड़े नेता हरीश रावत पर हमलावर होते हुए कहा कि बताएं पिछले पांच साल कहां थे। कोविड काल में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई। अब प्रेस कांफ्रेस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत जी चुनाव जरूर लड़े लेकिन इसका जवाब दें की प्रदेश के नौजवानों को जहरीली शराब किसने पिलाई थी।
अमित शाह ने कांग्रेस से सवाल पूछे।

उन्होंने पूछा कि कांग्रेस ने दस साल की सरकार में क्या किया? जनता को इसका हिसाब देना होगा। केवल सड़कों पर उतरने से काम नहीं चलता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ दिल्ली जाकर राहुल बाबा के साथ फोटो खिंचाने से विकास नहीं होता है।

उन्होंने मुजफ्फरनगर काण्ड का जिक्र करते हुए इशारों ही इशारों में समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com