September 22, 2024

गणतंत्र दिवस 2022: आधा घंटे की देरी से शुरू होगी परेड, 75 साल में पहली बार होगा ऐसा, जानें क्यों

कोरोना प्रोटोकॉल के बीच देश में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर है। जानकारी के मुताबिक इस साल गणतंत्र दिवस की परेड निर्धारित समय से आधा घंटा लेट शुरू होगी। 75 साल में ये पहली बार है जब परेड देरी से शुरू होगी। साल गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10 बजे शुरू होती थी, लेकिन इस साल यह 10.30 बजे शुरू होगी। परेड समारोह पिछले साल की तरह 90 मिनट का ही होगा।

यह परेड 8 किलोमीटर की होगी। परेड रायसीना हिल से शुरू होकर राजपथ, इंडिया गेट से होते हुए लाल किले पर खत्म होती है। परेड की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट के पास राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे। उसके बाद वो रेड फोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक और आर्थिक प्रगति का प्रतिनिधित्व करने वाली झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। झांकियां लाल किले तक जाएंगी और सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए वहां खड़ी की जाएंगी, लेकिन मार्चिंग दल नेशनल स्टेडियम में रुकेंगे। कोरोना से संबंधित प्रतिबंधों के कारण, गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को किसी से मिलने की अनुमति नहीं है।

भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव पर इस साल गणतंत्र दिवस समारोह भी बेहद भव्य और ऐतिहासिक होगा। गणतंत्र दिवस परेड समारोह में अबतक का सबसे भव्य फ्लाईपास्ट दिल्ली में राजपथ पर दिखेगा। भारतीय वायुसेना आजादी के दीवानों को नमन करते हुए 75 विमानों के साथ राजपथ पर फ्लाईपास्ट करेगी।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com