September 22, 2024

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दो पर कांग्रेसियों ने किया राजभवन कूच, केन्द्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

देहरादून। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को राजभवन कूच किया। पुलिस ने उन्हें न्यू कैंट रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। रोके जाने से नाराज कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

शुक्रवार को कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता और नेता प्रदेश मुख्यालय में एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस भवन से पैदल मार्च निकालते हुए राजभवन कूच किया।

लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस बीच कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वो बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश में अघोषित इमरजेंसी लगा दी है। सरकार की गलत नीतियों के कारण खाने पीने की चीजों पर भी जीएसटी लगा दी गई है. इससे आम आदमी का जीना दूभर होता जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आज कांग्रेस ने जनता की आवाज बनकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। आज देश बड़ी विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है। लोग बेरोजगार होते जा रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड में बेरोजगारी दर बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि रसोई गैस और खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। ऊपर से सरकार ने दूध, छाछ, आटे में जीएसटी लगा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को लूटना बंद करे और ऐसी पॉलिसी बनाए जिससे देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो सके। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी के कई विधायक मौजूद रहे।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com