September 22, 2024

कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का आज 51वां दिन, राहुल गांधी ने तेलंगाना के येलिगंदला से शुरू की पदयात्रा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 51वां दिन है। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अब तक करीब 1150 किमी से ज्यादा सफर तय कर चुका है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों तेलंगाना में है। राहुल गांधी आज ने तेलंगाना (Telangana) के नारायणपेट जिले के येलिगंदला से पदयात्रा की शुरुआत की। यात्रा में जनसैलाब उमड़ रहा है। इस दौरान कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। इसमें राहुल के साथ जयराम रमेश, के सी वेणुगोपाल, तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी सहित कई नेता शामिल हुए। राज्य में यात्रा का आज तीसरा दिन है।

यह यात्रा तेलंगाना में 16 दिन चलेगी और 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी। मकथल से तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 16 दिनों तक यात्रा जारी रहेगी। इस दौरान 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों से गुजरते हुए 375 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान चार नवंबर को एक दिन का विश्राम रहेगा।

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजर चुकी है। कांग्रेस की 3750 किमी की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी।

अपनी इस पदयात्रा के जरिए राहुल गांधी न सिर्फ कांग्रेस की खोई जमीन तलाशने की कवायद में जुटे हैं, बल्कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भरने की भी कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान वो कभी नेताओं का हाथ पकड़कर दौड़ते नजर आते हैं, तो कभी युवाओं के साथ पुशअप लगाते हैं।

चित्रदुर्ग में तो उन्होंने एक टंकी पर चढ़कर तिरंगा तक लहराया। इतना ही नहीं एक मौके पर वे सोनिया गांधी के जूते के फीते भी बांधते नजर आए थे। सोनिया गांधी भी 6 अक्टूबर को इस यात्रा में शामिल हुई थीं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा में भारी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा ले रहे हैं। राहुल गांधी पैदल यात्रा करके पूरे देश में अलग संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं।

 राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को अपने लिए तपस्या बताते हुए कहा कि उनका मकसद लोगों से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना था और इस यात्रा के जरिए उनका यह मकसद पूरा हो रहा है। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com