September 22, 2024

बीजेपी कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी : वोट बैंक की राजनीति ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया, नहीं मिलती बराबरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है। उनके ही एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर कभी चर्चा नहीं हुई। आज भी उन्हें बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है। यह सब पिछड़े हैं। इनके साथ इतना भेदभाव हुआ है। हमने सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ इनका भी विकास किया है। भाजपा कार्यकर्ता मुसलमानों के पास जाएं और तर्कों और तथ्यों के साथ उन्हें समझाएं, तब उनका भ्रम दूर होगा। यूनीफॉर्म सिविल कोड को लेकर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है। इसे लेकर भी उन्हें हकीकत बतानी होगी।

भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने दल के लिए जीते हैं। वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, मलाई खाने का, कट मनी का, हिस्सा मिलता है। उनका रास्ता तुष्टिकरण, वोटबैंक का है। गरीब को गरीब बनाए रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है। तुष्टिकरण का यह रास्ता कुछ दिनों तक फायदा दे सकता है, लेकिन यह देश के लिए महाविनाशक होता है। यह देश के विकास को रोक देता है। देश में तबाही लाता है। भेदभाव पैदा करता है। समाज में दीवार खड़ी करता है। एक तरफ इस तरह के लोग हैं, जो तुष्टिकरण कर अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे कुनबे दूसरों के खिलाफ खड़े कर देते हैं। दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं। हमारे संस्कार अलग हैं। हमारे संकल्प बड़े हैं। हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है। हम यह सब मानते हैं कि जब देश का भला होगा तो सबका भला होगा। सबका भला होगा तो देश आगे बढ़ेगा। इस वजह से भाजपा ने यह तय किया है कि हमें तुष्टिकरण के रास्ते पर नहीं चलना है। हमें संतुष्टिकरण के रास्ते पर चलना है।

मध्य प्रदेश की धरती की भूमिका महत्वपूर्ण

इससे पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में बहुत बड़ी भूमिका है। इस वजह से ऐसी ऊर्जावान मध्य प्रदेश की धरती पर मेरा बूथ सबसे मजबूत इस कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए मुझे ह्दय से आनंद आ रहा है। अच्छा लग रहा है। गौरव हो रहा है। कुछ ही देर पहले मुझे देश के छह राज्यों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है। मैं मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं। मध्य प्रदेश को विशेष बधाई दूंगा। एक साथ दो वंदे भारत ट्रेनें मध्य प्रदेश के भाई-बहनों को मिली है। अभी तक यात्री भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के सफर का आनंद ले रहे थे। अब भोपाल से इंदौर और भोपाल से जबलपुर का सफर तेज भी होगा, आधुनिक भी होगा और सुविधा से संपन्न भी होगा।

भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत  

भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आप वर्षभर अपने अपने बूथ पर व्यस्त रहते हैं। केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में जो कार्यक्रम हो रहे हैं, उसमें आप जो मेहनत करते हैं, दिन-रात जुटे रहते हैं, उसकी जानकारियां मुझ तक लगातार पहुंच रही है। मैं जब अमेरिका और मिस्र में था, तब भी आपके प्रयासों के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती थी। वहां से आने के बाद सबसे पहले आप सभी से मिलना यह मेरे लिए ज्यादा सुखद है। ज्यादा आनंददायक है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं।  मोदी ने कहा कि मैं आज एक साथ बूथ पर काम करने वाले दस लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं। देश का हर पोलिंग बूथ यहां आपसे जुड़ा हुआ है। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रासरूट लेवल पर ऑर्गेनाइज तरीके से इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा, जितना बड़ा कार्यक्रम आज हो रहा है। गर्व से कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्रियों की मीटिंग होना, पार्टी के अध्यक्षों की मीटिंग होना, महासचिवों की मीटिंग होना, प्रदेश कार्यसमितियों की बैठक होना, मंडल, जिला कार्यसमितियों की बैठक होना, यह लंबे अरसे से चल रहा है। लेकिन सिर्फ और सिर्फ बूथ का नेतृत्व करने वालों का सम्मेलन इतिहास में पहली बार हो रहा है। आप सिर्फ भाजपा ही नहीं, देश के संकल्पों की सिद्धि के भी मजबूत सिपाही हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है। दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश है, ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक मंगल अवसर है।

कुछ बोल ही नहीं पाए मोदी

जैसे ही मोदी ने बोलने के लिए माइक संभाला, कार्यकर्ताओं ने जोर-शोर से मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिए। कुछ सेकंंड्स के लिए तो मोदी भी चुप हो गए। तुष्टिकरण और यूनीफॉर्म सिविल कोड से जुड़े सवाल के जवाब में मोदी ने जब कार्यकर्ताओं को संतुष्ट किया तो कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर उनका सम्मान किया। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान नड्डा ने विदेश दौरे पर मोदी को जिस तरह का रिस्पॉन्स विश्व के नेताओं ने दिया, उसका खास तौर पर जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया को योग, ज्ञान, विज्ञान, पर्यावरण, अध्यात्म, वसुधैव कुटुंबकम और विश्व कल्याण का संदेश दिया है। आज भाजपा का काम देश का काम बन गया है।

करोड़ों कार्यकर्ता जुड़े डिजिटल रूप से 

भाजपा संगठन की सबसे छोटी इकाई बूथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम से डिजिटली मार्गदर्शन दिया। देश के विभिन्न प्रदेशों की विधानसभा क्षेत्रों से तीन हजार चयनित कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे। इन कार्यकर्ताों ने बूथ सशक्तिकरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधा संवाद किया। यह देश के राजनैतिक इतिहास में किसी दल का इस तरह का पहला कार्यक्रम हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com