September 23, 2024

चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, कहा- ‘इसरो स्वर्णिम इतिहास रचने जा रहा है’

देश के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण के लिए उलटी गिनती शुरू हो गई है. चंद्रयान 3 को आज 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा स्थित केंद्र से लॉन्च किया जाएगा. ये देश के लिए बेहद गर्व का समय है. चंद्रयान-3 की लॉन्च को लेकर दुनियाभर की नजरें भारत की ओर लगी हुई हैं. इस मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी शुभकामनाएं दी है. सीएम योगी ने कहा कि इसरो एक स्वर्णिम इतिहास रचने जा रहा हैं.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर ट्वीट करते हुए कहा ‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में अंतरिक्ष क्षेत्र में महाशक्ति बनने की ओर सतत अग्रसर ‘नए भारत’ के सामर्थ्य और हौसले की नई उड़ान ‘चंद्रयान-3’ को आज श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया जाएगा. ‘आत्मनिर्भर भारत’ की आकांक्षाओं एवं प्रौद्योगिकी विकास का प्रतीक ‘चंद्रयान-3′ अभियान पूर्णतः सफल हो, इस हेतु अनेक मंगलकामनाएं! स्वर्णिम इतिहास रचने जा रही इसरो की पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं!’

आज दोपहर में लॉन्च होगा चंद्रयान-3

आपको बता दें कि चंद्रयान 3 आज दोपहर 2:35 बजे लॉन्च होने वाला है, हालांकि इसकी लॉन्च विंडो 19 जुलाई तक बढ़ाई गई है. इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ के मुताबिक चंद्रयान-3 लॉन्च होने के बाद पृथ्वी की कक्षा में जाएगा फिर इसके बाद धीरे-धीरे चंद्रमा की ओर आगे बढ़ेगा. चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग 23-24 अगस्त को रखी गई है. हालांकि इसे सितंबर तक बढ़ाया जा सकता है. चंद्रयान-2 की तरह ही चंद्रयान-3 में भी लैंडर और रोवर भेजा जाएगा लेकिन इसमें ऑर्बिटर नहीं होगा. ऐसा इसलिए है क्योंकि पिछले मून मिशन का ऑर्बिटर अभी भी अंतरिक्ष में काम कर रहा है.

ये चंद्रमिशन साल 2019 के चंद्रयान 2 का अनुवर्ती मिशन है. भारत के इस तीसरे चंद्र मिशन में वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का है. ‘चंद्रयान-2’ मिशन के दौरान अंतिम क्षणों में लैंडर ‘विक्रम’ पथ विचलन के चलते ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने में सफल नहीं हुआ था.


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com