September 23, 2024

यमनोत्री में गेट सिस्टम लागू, दिन में केवल चार बार छोड़ा जाएगा ट्रैफिक

देहरादून। रविवार से यमुनोत्री में गेट सिस्टम लागू कर दिया गया है। उत्तरकाशी के एसपी अर्पण यदुवंशी के अनुसार पालीगाड़ से जानकीचट्टी के बीच यह व्यवस्था लागू की गई है। गेट सिस्टम के तहत एक दिन में केवल चार बार ट्रैफिक को छोड़ा जाएगा। तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की वजह पैदा हुई अव्यवस्था के बाद प्रशासन को गेट सिस्टम लागू करना पड़ा है।

यह पहला मौका है जब यमुनोत्री में गेट सिस्टम लागू किया गया है। शनिवार रात सें रविवार दोपहर दो बजे तक वाहनों को जगह-जगह रोके जाने से तीर्थयात्रियों को काफी मुश्किलात का सामना करना पड़ा है। जाम के कारण कई यात्रियों को बसों में ही रात भी गुजारनी पड़ी।

पुलिस कप्तानयदुवंशी ने रविवार को मीडिया कर्मियों को बताया कि पालीगाड़ से जानकीचट्टी के लिए क्रमवार वाहनों को छोड़ा जाएगा। पूरे दिन में केवल चार बार यात्रियों के वाहनों के जत्थों को उनके क्रम के अनुसार जानकी चट्टी जाने की अनुमति दी जाएगी। पालीगाड़ से जानकीचट्टी की दूरी 25 किलोमीटर के करीब है। जानकीचट्टी में सरकारी और निजी स्तर पर करीब एक हजार वाहनों की पार्किंग की सुविधा है।

एसपी ने बताया कि संकरे और संवेदनशील स्थानों पर तीर्थयात्रियों की सुविधा तथा सुरक्षा को देखते हुए पुलिस गेट और वन वे सिस्टम से यातायात को नियंत्रित कर रही है। इसलिए श्रद्धालुओं को कुछ जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। जाम में फंसे श्रद्धालुओं के लिए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से रसद आदि की लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

गंगोत्री हाईवे पर गेट सिस्टम गंगनानी से

एसपी यदुवंशी ने बताया कि गंगोत्री मार्ग पर भी गेट सिस्टम लागू कर दिया गया है। यहां पिछले साल भी यह व्यवस्था लागू थी। गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी से डबरानी और डबरानी से झाला के बीच गेट सिस्टम लागू किया गया है।

कटापत्थर में रोके यमुनोत्री जाने वाले यात्री

विकासनगर से होकर यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को रविवार को कटापत्थर में रोका गया। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पछुवादून में प्रशासन शनिवार रात से ही सक्रिय हो गया। दोपहर 12 बजे तक यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। चिलचिलाती धूप में वाहनों के अंदर यात्री गर्मी से बेहाल दिखाई दिए।

गंगोत्री यात्रा मार्ग पर भी जाम में फंसे रहे यात्री

गंगोत्री यात्रा मार्ग पर रविवार को सुक्की बैंड से दो किमी पीछे तक यात्री वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। करीब 45 मिनट तक लगे जाम के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

वही जिले के डीएम मेहरबान सिंह ने बताया कियमुनोत्री में यात्रियों के लिए वन वे गेट सिस्टम लागू किया गया है। जिन्हें बारी-बारी से भेजा जा रहा है। सोशल मीडिया पर चलाये जा रहे वीडियो वास्तविक नहीं हैं, यात्री विधिवत दर्शनों को पहुंच रहे हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com